जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए लक्ष्य अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश
कोरबा (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले में विभिन्न इंडिकेटरों की प्रगति एवं जिले की रैंकिंग में सुधार के संबंध में कलेक्टोरेट सभागार में जिला डी.डी.के.वाई. समिति की बैठक आयोजित की गई। श्री प्रतीक जैन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों की इंडिकेटरवार समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में पोर्टल के माध्यम से जिले की रैंकिंग में आ रही गिरावट की स्थिति से अवगत कराया गया। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ इंडिकेटरवार समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।
कृषि विभाग से संबंधित पीएम किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, एफपीओ, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, पीएम-आशा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, दलहन में आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन सहित विभिन्न इंडिकेटरों की समीक्षा की गई।
पीएम किसान योजना के प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में लक्ष्य के अनुरूप गैर-ऋणी किसानों को अधिक से अधिक जोड़ने तथा किसान क्रेडिट कार्ड के दायरे में अधिक से अधिक किसानों को लाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए कृषि, मत्स्य, उद्यान एवं पशुपालन विभाग को समन्वय से कार्य करने कहा गया। एफपीओ के अंतर्गत नाबार्ड के माध्यम से प्रशिक्षण आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने, एनएमएनएफ एवं पीकेवीवाई के तहत क्षेत्र विस्तार के साथ प्राकृतिक एवं जैविक प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए गए। पीएम-आशा योजना के तहत दलहन एवं तिलहन उपार्जन के लिए ग्राम कृषि विकास अधिकारीवार लक्ष्य निर्धारित कर उपार्जन सुनिश्चित करने तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं एनएमईओ योजना में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, कृषि विज्ञान केंद्र, सहकारिता, उद्योग, पंचायत एवं राजस्व विभाग से संबंधित इंडिकेटरों के लक्ष्य एवं उपलब्धि की भी समीक्षा की गई। जिन इंडिकेटरों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उनमें गति लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी,, उपसंचालक कृषि, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग, अधीक्षक भू-अभिलेख, सहायक संचालक मत्स्य, उद्यान, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्, जिला प्रबंधक आजीविका मिशन, सहकारिता विभाग से सहित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी एवं ग्राम कृषि विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

(Bureau Chief, Korba)






