रायपुर : सेवा सेतु से सेवा हुई सरल, समय पर मिले दस्तावेजों से आसान हुआ श्रद्धा का उच्च शिक्षा का सफर

          गजट प्रकाशन की ऑनलाइन सुविधा से आधार में नाम सुधार संभव हुआ, कॉलेज प्रवेश की अड़चन समय रहते हुई दूर

          रायपुर (BCC NEWS 24): नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डिजिटल माध्यम से प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध होने से आम नागरिकों के साथ विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी बड़ी राहत मिल रही है। दुर्ग जिले के भिलाई निवासी श्रद्धा कुमारी रामटेके के लिए सेवा सेतु की सुविधा उनकी उच्च शिक्षा की राह में आई महत्वपूर्ण अड़चन को दूर करने का माध्यम बनी।

          आधार में नाम की त्रुटि से कॉलेज प्रवेश में आ रही थी समस्या

          श्रद्धा कुमारी रामटेके के आधार कार्ड में उनका नाम गलत दर्ज था। नाम में संशोधन के लिए गजट प्रकाशन आवश्यक था। कॉलेज प्रवेश की प्रक्रिया के बीच यह दस्तावेज समय पर प्राप्त करना उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण था। ऐसे समय में उनके पिता श्री रामकुमार ने सेवा सेतु केंद्र, जोन-3 के माध्यम से गजट प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी कराई। ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से गजट प्रकाशन समय पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद आधार कार्ड में नाम का आवश्यक संशोधन कराया जा सका। इस तरह कॉलेज प्रवेश में आ रही समस्या समय रहते दूर हो गई और श्रद्धा की उच्च शिक्षा का रास्ता सुगम हुआ।

          घर बैठे मिली आवेदन की जानकारी, कार्यालयों के चक्कर से मिली मुक्ति

          श्रद्धा ने बताया कि पहले गजट प्रकाशन की प्रक्रिया के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों खर्च होते थे। सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन सुविधा मिलने से यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई। आवेदन से संबंधित जानकारी उन्हें व्हाट्सऐप और मोबाइल संदेश के माध्यम से मिलती रही, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधा के कारण उनका काफी समय बचा और आवश्यक दस्तावेज समय पर प्राप्त होने से कॉलेज प्रवेश की प्रक्रिया भी बिना किसी बड़ी बाधा के पूरी हो सकी।

          पारदर्शी प्रक्रिया से आवेदन की स्थिति की भी मिलती है जानकारी

          सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध होने के साथ नागरिक अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी भी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। डिजिटल प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ रही है और लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

          डिजिटल सेवा से विद्यार्थियों के लिए आसान हो रही उच्च शिक्षा की राह

          श्रद्धा का अनुभव इस बात का उदाहरण है कि समय पर उपलब्ध कराया गया एक आवश्यक दस्तावेज किसी विद्यार्थी के भविष्य के लिए कितना महत्वपूर्ण हो सकता है। सेवा सेतु जैसी डिजिटल पहल से प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया सरल होने से विद्यार्थियों को प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में होने वाली परेशानियों से राहत मिल रही है।



                    Hot this week

                    रायपुर : 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गरिमामय समापन

                    सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने विजेता खिलाड़ियों को किया...

                    Related Articles

                    Popular Categories