रायपुर : बहनों की खुशहाली, विष्णु सुशासन की रखवाली, महतारी वंदन से आई समृद्धि निराली

            महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त से उर्मिला दुबे के घर आई रक्षाबंधन की खुशियां

            रायपुर (BCC NEWS 24): रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि खाते में पहुंचने से महिलाओं के घर त्यौहार की खुशियां और बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मातृशक्ति सम्मान समारोह-2026 में प्रदेश की 67.28 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। त्यौहार से पहले मिली इस आर्थिक सहायता से महिलाएं रक्षाबंधन की तैयारियां उत्साह के साथ कर रही हैं।

            मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम नागपुर निवासी उर्मिला दुबे भी महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि खाते में पहुंचने से बेहद खुश हैं। उर्मिला ने बताया कि रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से त्यौहार की तैयारियां करने में उन्हें काफी मदद मिली है। वे इस राशि से राखी, मिठाई और फल सहित जरूरी सामान खरीदेंगी और परिवार के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार खुशी और उत्साह के साथ मनाएंगी।

            राखी से पहले मिली सौगात, घर में बढ़ी खुशियां

            उर्मिला दुबे ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व है। ऐसे पावन अवसर से पहले आर्थिक सहायता मिलना उनके लिए खुशी की बात है। खाते में राशि पहुंचने से उन्हें  त्यौहार  की आवश्यक खरीदारी के लिए सहूलियत मिली है। अब वे अपने भाई के लिए राखी और मिठाई की व्यवस्था के साथ परिवार के साथ त्यौहार मनाने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समय से पहले मिलने वाली यह राशि महिलाओं के लिए काफी उपयोगी है। त्यौहार के दौरान होने वाले छोटे-बड़े खर्चों को पूरा करने में आर्थिक सहायता मिलती है। इससे महिलाओं को अपनी जरूरतों के लिए हर बार परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

            नियमित सहायता से बढ़ा आत्मविश्वास

            उर्मिला ने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ परिवार की जरूरतों में भी सहयोग कर पा रही हैं। उनके अनुसार, योजना की राशि महिलाओं के लिए आर्थिक संबल के साथ-साथ सम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक त्यौहार पर समय से पहले राशि मिलना विशेष खुशी देता है। इससे त्यौहार की तैयारियां बिना अतिरिक्त आर्थिक दबाव के की जा सकती हैं और परिवार के साथ पर्व का आनंद लेने का अवसर मिलता है।

            मुख्यमंत्री का जताया आभार

            उर्मिला दुबे ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि समय पर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से बहनों के त्यौहार की खुशियां और बढ़ी हैं। उर्मिला की खुशी यह दर्शाती है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक सहयोग का माध्यम बनने के साथ उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी मजबूत कर रही है। रक्षाबंधन से पहले मिली 31वीं किस्त उनके लिए सरकार की ओर से मिली ऐसी सौगात बनी है, जिसने त्योहार की तैयारियों में सहूलियत के साथ घर-परिवार में खुशियों की मिठास भी बढ़ा दी है।


                          Hot this week

                          कोरबा: सेवा संकल्प अभियान का समापन

                          मंत्री लखन लाल देवांगन ने 430 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं...

                          रायपुर : सेवा की कहानी : प्राकृतिक खेती अपनाकर तुलसा ने बढ़ाई आमदनी

                          राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन से मिली प्रेरणा, कम लागत...

                          रायपुर : विष्णु भैया का नया सुशासन मॉडल

                          ‘ऑटो डायवर्सन’ से डिजिटल हुआ राजस्व विभाग, नागरिकों को...

                          Related Articles

                          Popular Categories