रायपुर : महतारी वंदन योजना से रैबारी को मिला आर्थिक संबल, बच्चों की पढ़ाई में कर रहीं सहयोग

          बिहान समूह से जुड़कर वनोपज संग्रहण और सब्जी उत्पादन से बढ़ा रहीं परिवार की आमदनी

          रायपुर (BCC NEWS 24): महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक सहयोग का माध्यम बनने के साथ उन्हें परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ने का संबल दे रही है। बस्तर जिले की तोकापाल निवासी श्रीमती रैबारी बघेल महतारी वंदन योजना से प्राप्त सहायता राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों के साथ बच्चों की पढ़ाई में कर रही हैं। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बिहान समूह से जुड़कर वनोपज संग्रहण एवं साग-सब्जी उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं।

          रोजगार के अवसर और परिवार की आय में मिला अतिरिक्त सहयोग

          श्रीमती रैबारी बघेल बताती हैं कि वह बिहान समूह की सदस्य महिलाओं के साथ मिलकर वनोपज संग्रहण तथा साग-सब्जी उत्पादन का कार्य करती हैं। इस कार्य से उन्हें अपने घर के कामकाज के साथ रोजगार का अवसर मिला है और परिवार की आय में भी अतिरिक्त सहयोग हो रहा है। मेहनत से अर्जित आय में से वह नियमित रूप से कुछ राशि बैंक में बचत करती हैं, ताकि भविष्य में किसी जरूरत या मुश्किल समय में यह बचत परिवार के काम आ सके।

          बच्चों की पढ़ाई की छोटी-बड़ी आवश्यकताएं हुई पूरी

          रैबारी का कहना है कि महतारी वंदन योजना की सहायता राशि ने घरेलू जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद की है। इससे बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सुविधा मिलती है। वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य देने के लिए संकल्पबद्ध हैं और इसी उद्देश्य से परिवार की आय बढ़ाने के साथ बचत को भी प्राथमिकता दे रही हैं।

          रक्षाबंधन से पहले मिली सहायता को बताया भाई का आशीर्वाद

          रक्षाबंधन के पहले महतारी वंदन योजना की सहायता राशि मिलने पर श्रीमती रैबारी बघेल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। इस अवसर पर राज्य शासन द्वारा महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता उनके लिए एक भाई का बहनों को आशीर्वाद देने के साथ-साथ सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिली सहायता और बिहान समूह से जुड़कर प्राप्त हो रही आय ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में आगे बढ़ाया है। आज वह अपनी मेहनत से परिवार की जरूरतों में योगदान देने के साथ बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए भी बेहतर योजना बना पा रही हैं।



                    Hot this week

                    रायपुर : रक्षा सूत्र से बंधा ‘पक्के घर’ का संकल्प

                    मोहला की ग्राम पंचायतों में अनूठे अंदाज में मनाया...

                    रायपुर : नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन में रायपुर की मोनिका यादव लापता

                    आपदा के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों की सहायता...

                    Related Articles

                    Popular Categories