रायपुर : सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग की त्वरित कार्रवाई

            अवैध रेत एवं गिट्टी परिवहन में 8 ट्रैक्टर वाहन जब्त

            रायपुर (BCC NEWS 24): जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच एवं कार्रवाई कर अवैध रेत एवं गिट्टी परिवहन करते पाए गए 8 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। खनिज विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में ग्राम खंता से रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर, रूमगा से 2 ट्रैक्टर, चिचगोहना से 1 ट्रैक्टर, कोरजा से 1 ट्रैक्टर एवं लालपुर से 1 ट्रैक्टर वाहन तथा कोटमी से गिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर वाहन जब्त किया गया। जब्त वाहनों में से 4 ट्रैक्टर वाहनों को गौरेला थाना, 3 ट्रैक्टर वाहनों को कोटमी चौकी तथा 1 ट्रैक्टर वाहन को मरवाही थाना में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

            कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण परीक्षण कर समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में खनिज विभाग द्वारा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी की जा रही है। कार्रवाई में आदित्य मानकर, सहायक खनि अधिकारी, सुजीत कंवर खनि निरीक्षक, शिवकुमार लहरे खनि सिपाही तथा साहिब गनी एवं सतीश साहू नगर सैनिक शामिल रहे। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories