रायपुर : विशेष अवसरों की खुशियां बच्चों के साथ, न्योता भोजन से मजबूत हो रही जनभागीदारी

            मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से ‘न्योता भोजन’ बना सामुदायिक सहभागिता का सशक्त माध्यम

            सेवा के तीन वर्ष पूर्ण होने और जन्मदिवस पर शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों के साथ साझा की खुशियां

            रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश में संचालित ‘न्योता भोजन’ कार्यक्रम अब केवल अतिरिक्त भोजन उपलब्ध कराने की पहल नहीं, बल्कि विद्यालय, शिक्षक, समुदाय और विद्यार्थियों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बन रहा है। विशेष अवसरों को विद्यार्थियों के साथ साझा करने की इस पहल से विद्यालयों में जनभागीदारी और सामुदायिक सहभागिता की भावना लगातार सुदृढ़ हो रही है।

            विशेष अवसरों की खुशियां बच्चों के साथ, न्योता भोजन से मजबूत हो रही जनभागीदारी

            सूरजपुर जिले के विद्यालयों में भी शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने जन्मदिवस, सेवा पूर्ण होने सहित अन्य विशेष अवसरों पर विद्यार्थियों को न्योता भोजन कराकर खुशियां साझा कर रहे हैं। यह पहल बच्चों के लिए जहां उत्साह और प्रसन्नता का अवसर बन रही है, वहीं शिक्षकों में भी समाज और विद्यार्थियों के प्रति अपने दायित्व को और अधिक आत्मीयता से निभाने की भावना विकसित कर रही है।

            सेवा के तीन वर्ष पूरे होने पर विद्यार्थियों को कराया न्योता भोजन

            विकासखंड रामानुजनगर की माध्यमिक शाला पटना की शिक्षिका सुश्री नलिनी कौशिक ने शासकीय सेवा के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को न्योता भोजन कराया। अपने इस विशेष दिन को बच्चों के साथ साझा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन बच्चों की शिक्षा और भविष्य के लिए वे सेवाएं दे रही हैं, उन्हीं के साथ सेवा के तीन वर्ष पूर्ण होने की खुशी मनाना उनके लिए बेहद संतोष और प्रसन्नता का विषय है।

            उन्होंने कहा कि शासन की ‘न्योता भोजन’ योजना एक सराहनीय और अभिनव पहल है। इसके माध्यम से हम अपने जीवन के विशेष अवसरों की खुशियां विद्यार्थियों के साथ साझा कर सकते हैं और उनके बीच अपनत्व की भावना को मजबूत कर सकते हैं।

            जन्मदिवस पर बच्चों के साथ बांटी खुशियां

            इसी तरह विकासखंड रामानुजनगर की माध्यमिक शाला परमेश्वरपुर की शिक्षिका सुश्री कमला सिदार ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को न्योता भोजन कराया। शिक्षिका ने अपने विशेष दिन की खुशियां बच्चों के साथ साझा करते हुए उन्हें अतिरिक्त एवं पौष्टिक भोजन कराया। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।

            भोजन के साथ बढ़ रहा अपनत्व और सहभागिता का भाव

            ‘न्योता भोजन’ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अतिरिक्त एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही विद्यालय और समुदाय के बीच सहभागिता की भावना को भी मजबूती मिल रही है। शिक्षक-शिक्षिकाओं और समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा विशेष अवसरों पर विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा करने से बच्चों में अपनत्व, समानता और सामुदायिक जुड़ाव की भावना विकसित हो रही है।

            मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू किए गए ‘न्योता भोजन’ कार्यक्रम से प्रदेश में लगातार लोग जुड़ रहे हैं। विभिन्न जिलों के विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समुदाय के सहयोग से न्योता भोजन का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल प्रदेश में जनभागीदारी से पोषण और शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभर रही है।


                          Hot this week

                          रायपुर : राज्योत्सव 2026 : वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रदर्शनी को प्रथम पुरस्कार

                          बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित प्रदर्शनी में वन...

                          Related Articles

                          Popular Categories