विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, 28 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान; नेत्रदान एवं देहदान का लिया संकल्प
कोरबा (BCC NEWS 24): सेवा संकल्प अभियान के तहत आदिवासी शक्तिपीठ कोरबा में आयोजित वृहद स्वास्थ्य एवं महा रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में 552 लोगों का पंजीयन कर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, टीबी, नाक-कान-गला एवं नेत्र रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण किया। इसके साथ ही 317 लोगों की बीपी एवं 317 लोगों की शुगर जांच, 52 लोगों की नेत्र जांच, 95 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग तथा 300 लोगों को आयुष सेवाओं का लाभ मिला। नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में भी जानकारी दी गई। शिविर में 15 लोगों के आयुष्मान कार्ड, 5 लोगों के वय वंदना कार्ड तथा 170 लोगों के आभा कार्ड बनाए गए। आयुष विभाग द्वारा भी स्वास्थ्य परामर्श, योग एवं अन्य सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कलेक्टर श्री दुदावत एवं सीईओ जिला पंचायत श्री जैन के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में आयोजित शिविर का उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना, समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार उपलब्ध कराना तथा नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, श्री गोपाल मोदी, पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, श्री रामसिंह अग्रवाल, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

(Bureau Chief, Korba)







