कोरबा क्लब को सर्वश्रेष्ठ क्लब का सम्मान, सविता पाठक बनीं सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष
कोरबा (BCC NEWS 24): ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स की रीजन कॉन्फ्रेंस एवं अवॉर्ड फंक्शन का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सेवा कार्यों और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लबों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट चार्टर डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट ली रश्मि अग्रवाल एवं डिस्ट्रिक्ट चीफ एडवाइजर ली शबाना नाज भिलाई-दुर्ग से शामिल हुईं। कोरबा क्लब की संरक्षिका पीडीपी ली चित्रलेखा चंदेल, पीडीपी ली उषा अरोरा, रीजन ऑफिसर ली भगवती अग्रवाल, वाइस प्रेसिडेंट ली डॉ. अंजना सिंह ठाकुर, रीजन एडवाइजर ली ममता रानी वासन, रीजन सचिव अनीमा प्रसाद तथा कोरबा क्लब की अध्यक्ष सविता पाठक मंचस्थ रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया गया तथा विश्व शांति के लिए आधा मिनट का मौन धारण किया गया। मंचस्थ अतिथियों का माला और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
रीजन ऑफिसर ली भगवती अग्रवाल ने सभा प्रारंभ होने की घोषणा की। स्वागत उद्बोधन के बाद विभिन्न क्लबों द्वारा बैनर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें सर्वश्रेष्ठ बैनर प्रेजेंटेशन का पुरस्कार शक्ति क्लब को मिला। समारोह में कोरबा क्लब की ओर से जरूरतमंद दो महिलाओं को सिलाई मशीन प्रदान की गई। वहीं अवॉर्ड समारोह में कोरबा क्लब को सर्वश्रेष्ठ क्लब तथा उसकी अध्यक्ष सविता पाठक को सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष का पुरस्कार प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ एरिया ऑफिसर का पुरस्कार कोरबा क्लब की गीता श्रीवास को मिला, जबकि श्रेष्ठ एरिया ऑफिसर का सम्मान दादर गोल्डन क्लब की सुमन श्रीवास्तव को प्रदान किया गया। रीजन एडवाइजर एवं रीजन ऑफ द ईयर के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ लीनेस का पुरस्कार ममता रानी वासन को मिला। सेवा कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में कुल 125 अवॉर्ड प्रदान किए गए। पुरस्कारों के माध्यम से क्लबों और सदस्यों के सेवा कार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने लंच और हाई टी के साथ विविध व्यंजनों का आनंद लिया। सम्मेलन में सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने और सदस्यों के उत्साहवर्धन पर जोर रहा।

(Bureau Chief, Korba)







