
मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर गूंजे जयकारे, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
कोरबा (BCC NEWS 24): भाद्रपद पूर्णिमा के पावन अवसर पर नमामि हसदेव सेवा समिति के तत्वावधान में मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर भव्य हसदेव आरती का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान में जहां बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने हसदेव नदी की आरती उतारकर इसके संरक्षण का संकल्प लिया, वहीं धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम भी देखने को मिला। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 सितंबर 2026, शनिवार को शाम 5 बजे मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव आरती का आयोजन शुरू हुआ। कोरबा की जीवनदायिनी हसदेव नदी के तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शहरभर से तमाम श्रद्धालु सपरिवार पहुंचे थे। नदी के घाट दीपों की रोशनी और वैदिक मंत्रोच्चार से जगमगा उठे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। गणमान्य अतिथियों ने निभाई मुख्य यजमान की भूमिका

इस धार्मिक अनुष्ठान में शहर के कई प्रतिष्ठित लोग यजमान के रूप में शामिल हुए। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, कोरबा के अध्यक्ष श्री कैलाश शर्मा ने मुख्य यजमान के तौर पर आरती में भाग लिया। इसके साथ ही, विशिष्ट यजमानों में छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के तहसील अध्यक्ष श्री नागेश गौराहा, जिला न्यायालय के ग्रंथालय सचिव व अधिवक्ता श्री क्रान्ति श्रीवास, प्रसिद्ध संगीतकार श्री बसंत वैष्णव और मुख्य जीवन बीमा सलाहकार (LIC)भारतीय जीवन बीमा निगम कोरबा – 1 श्री अनूप मिश्रा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से हसदेव नदी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की दी संरक्षण और स्वच्छता का दिया गया संदेश
नमामि हसदेव सेवा समिति पिछले काफी समय से हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि नदी के तटों के सौंदर्यीकरण और जल संरक्षण के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना भी है। आरती के दौरान उपस्थित वक्ताओं और समिति के सदस्यों ने लोगों से हसदेव नदी को स्वच्छ रखने और पॉलीथिन व कचरे से बचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल समापन पर समिति ने सभी सहयोगियों, अतिथियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया है।

(Bureau Chief, Korba)







