बुआई के समय खाद-बीज जुटाने में मिल रही मदद, खेती के खर्च की चिंता हुई कम
रायपुर (BCC NEWS 24): सूरजपुर जिले की ग्राम पंचायत करंजी के किसान श्री रामधनी जायसवाल के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना खेती की तैयारी में सहारा बनी है। योजना की राशि सीधे बैंक खाते में मिलने से वे बुआई के समय खाद, बीज और अन्य जरूरी कृषि सामग्री जुटा पा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत साझा की गई उनकी कहानी बताती है कि समय पर मिली आर्थिक सहायता छोटे किसानों के लिए कितनी उपयोगी होती है।
श्री रामधनी बताते हैं कि पहले बुआई का मौसम आते ही खर्च की चिंता बढ़ जाती थी। सीमित आय के कारण खाद और बीज के लिए समय पर पैसे जुटाना कठिन होता था। कई बार सामग्री खरीदने में देरी से खेती की तैयारी भी प्रभावित होती थी। अब योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे अपनी जरूरत के अनुसार कर पाते हैं। इससे कृषि कार्य समय पर शुरू करने में मदद मिली है और दूसरों पर निर्भरता कम हुई है। “पहले बुआई के समय खाद और बीज के पैसों की चिंता रहती थी। अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से मिलने वाली राशि मेरे काम आती है। जरूरी समय पर खेती की सामग्री जुटा पाता हूँ,” श्री रामधनी कहते हैं। उन्होंने इस सहायता के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

(Bureau Chief, Korba)







