बिलासपुर : विशेष अभियान 6 के तहत एसईसीएल ने सफाई मित्रों के लिए लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

        इंदिरा विहार हेल्थ सेंटर में संविदा सफाई कर्मियों की हुई स्वास्थ्य जांच; ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, किडनी जांच, पीएफटी सहित विभिन्न परीक्षण किए गए

        बिलासपुर (BCC NEWS 24): विशेष अभियान 6 एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा सोमवार को बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार हेल्थ सेंटर में सफाई मित्रों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसईसीएल इन्दिरा विहार कॉलोनी में कार्यरत संविदा सफाई कर्मियों, जिनमें महिला सफाई कर्मी भी शामिल रहीं, का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया शिविर के दौरान सफाई कर्मियों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, किडनी फंक्शन टेस्ट, ब्लड टेस्ट तथा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) सहित विभिन्न जांचें की गईं। चिकित्सकों द्वारा सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकतानुसार आगे चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां प्रदान की जाएंगी।

        शिविर का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलने से उन्हें अपने स्वास्थ्य की स्थिति जानने और आवश्यक सलाह प्राप्त करने में मदद मिली।

        स्वच्छता ही सेवा में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर विशेष जोर

        देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम के साथ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के प्रमुख स्तंभों में ‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ भी शामिल है, जिसके तहत सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा उपकरणों तथा पात्र कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने जैसी गतिविधियों पर जोर दिया गया है।

        एसईसीएल द्वारा यह स्वास्थ्य शिविर विशेष अभियान 6 के तहत चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जन-जागरूकता प्रयासों से भी जुड़ा है। विशेष अभियान 6 का मुख्य कार्यान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसमें स्वच्छता एवं लंबित मामलों के निपटारे के साथ इस वर्ष ई-वेस्ट के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया है। स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं विशेष अभियान 6 के तहत एसईसीएल द्वारा स्वच्छता गतिविधियों के साथ विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सफाई मित्रों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर इसी क्रम में स्वच्छता के साथ स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को केंद्र में रखने की पहल है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories