कोरिया : अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाएं-कलेक्टर

        ’एन-कॉर्ड की बैठक में नशामुक्त भारत अभियान की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर हुई चर्चा’

        ’नशे के खिलाफ प्रभावी प्रयासों के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक-कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव’

        कोरिया (BCC NEWS 24): कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभा कक्ष में  नार्काे कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के साथ नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती यादव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना संवेदनशील एवं संभावित स्थानों पर लगातार जांच की जाए। गलियों, मोहल्लों, ढाबों, होटलों, मेडिकल स्टोर, पान दुकानों सहित अन्य स्थानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की  जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

        उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ट्रक, पिकअप, बस एवं अन्य वाहनों की औचक जांच करने तथा मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर निगरानी रखने कहा। साथ ही आबकारी विभाग को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध नियमित जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिले में जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

        ’नकली एवं अमानक दवाओं पर भी निगरानी’

        कलेक्टर श्रीमती यादव ने नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी को जिले में नकली एवं अमानक औषधियों की रोकथाम के लिए सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने औषधियों के विधिवत क्रय-विक्रय, संधारण एवं वितरण व्यवस्था का परीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।

        ’विद्यालयों में बच्चों को किया जाएगा जागरूक’

        कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाले नुकसान के संबंध में नियमित रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों और किशोरों में नशे के प्रति सजगता विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने महिलाओं एवं अभिभावकों से भी बच्चों को बचपन से ही नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने तथा उनके व्यवहार और संगति पर सकारात्मक संवाद के माध्यम से ध्यान रखने की अपील की।

        ’अवैध खेती पर भी रहेगी नजर’

        राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को जिले में गांजा अथवा अन्य मादक पदार्थों से संबंधित अवैध खेती की संभावनाओं पर लगातार निगरानी रखने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।  कलेक्टर श्रीमती यादव ने जिलेवासियों एवं सभी समुदायों से नशे के खिलाफ जागरूकता और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी प्रयास केवल प्रशासनिक कार्रवाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें परिवार, विद्यालय, समाज और प्रशासन की सामूहिक भूमिका आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, पढ़ाई, करियर एवं कौशल प्रशिक्षण जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और निरंतर जागरूकता के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में सजगता को और मजबूत किया जा सकता है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories