KORBA : सेवा की कहानी : रूपये 15 हजार के छोटे ऋण से शुरू हुआ सफर, निर्मला जायसवाल बनीं आत्मनिर्भर

        कोरबा (BCC NEWS 24): कभी आर्थिक तंगी के कारण परिवार की जरूरतों में चाहकर भी पर्याप्त योगदान नहीं दे पाने वाली कटघोरा की श्रीमती निर्मला जायसवाल आज अपने छोटे से व्यवसाय के जरिए आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिले रूपये 15 हजार के ऋण ने उनके लिए आर्थिक मजबूती की नई राह खोल दी। कटघोरा नगर के वार्ड क्रमांक 08, शास्त्री नगर निवासी निर्मला जायसवाल पहले गृहिणी थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सीमित आय के बीच परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना चुनौतीपूर्ण था और उनके पास स्वयं की आय का कोई साधन नहीं था। इसी दौरान नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के संबंध में किए जा रहे प्रचार-प्रसार से उन्हें योजना की जानकारी मिली। उन्होंने आगे बढ़कर योजना के तहत आवेदन किया और उन्हें रूपये 15 हजार का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि को उन्होंने खर्च करने के बजाय अपनी आजीविका का साधन बनाने में लगाया और छोटी सी फल्लियों की दुकान शुरू की।

        छोटे स्तर से शुरू हुआ यह व्यवसाय धीरे-धीरे उनके लिए आय का मजबूत जरिया बन गया। दुकान से उन्हें हर महीने लगभग रूपये 10 हजार की अतिरिक्त आय होने लगी। अब निर्मला अपने परिवार के खर्चों में आर्थिक सहयोग कर रही हैं और अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास भी हासिल कर चुकी हैं। निर्मला जायसवाल के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केवल ऋण प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का अवसर साबित हुई है। एक गृहिणी से स्वरोजगार करने वाली महिला बनने का उनका सफर यह संदेश देता है कि सही अवसर और थोड़े से आर्थिक सहयोग से छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकते हैं। आज निर्मला अपनी दुकान को आगे बढ़ाने और आमदनी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने उनके जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ-साथ सम्मान, आत्मविश्वास और परिवार के प्रति योगदान की नई पहचान भी दी है।



                Hot this week

                KORBA : सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा यात्रा बाइक रैली 1 अक्टूबर को पहुंचेगी भैसमा और पसान

                विद्यार्थियों को कॉपी-पेन का वितरण, आवास योजना के हितग्राहियों...

                KORBA : सेवा की कहानी : जनदर्शन में मिली मदद, मोहनपाल को मिला आत्मनिर्भरता का संबल

                मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल से मिली नई राह, मोहनपाल ने प्रधानमंत्री,...

                Related Articles

                Popular Categories