KORBA : कराईनारा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में मिले 276 आवेदन, 38 का मौके पर निराकरण

        प्रधानमंत्री आवास की चाबियां, आवासीय पट्टे और शैक्षणिक सामग्री सहित विभिन्न लाभ वितरित

        कोरबा (BCC NEWS 24): सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत कराईनारा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 276 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 38 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक बाई कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनोज कुमार झा सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और राज्यगीत के साथ किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से छह नवप्रसूता महिलाओं के शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने उपस्थित नागरिकों का अभिवादन करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत ढनढनी के राशन कार्ड से अपात्र हुए हितग्राहियों से चर्चा कर उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक बाई कंवर ने भी शिविर में प्राप्त आवेदनों पर शासन की मंशा के अनुरूप कार्रवाई की बात कही। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनोज कुमार झा ने नागरिकों से बिजली बचाने के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। उन्होंने जनपद क्षेत्र के मेधावी कक्षा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।

        मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करतला श्री वैभव कुमार कौशिक ने शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त 276 आवेदनों में से 38 का स्थल पर ही निराकरण किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के छह हितग्राहियों को आवास की चाबियां और राजस्व विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को आवासीय पट्टे तथा पांच हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग के 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की नौ मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने चार हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड दिए, जबकि शिक्षा विभाग की ओर से 42 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। अंत में उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त कर शिविर का समापन किया गया।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories