कोरबा (BCC NEWS 24): महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि उनके दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है। योजना से प्राप्त राशि का उपयोग महिलाएं अपने परिवार की जरूरतों के साथ-साथ बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी खर्चों में कर रही हैं। इससे उन्हें घरेलू स्तर पर आर्थिक निर्णयों में सहयोग मिल रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
कोरबा जिले के ग्राम बेला निवासी श्रीमती गायत्री देवांगन ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया। पात्रता के आधार पर उन्हें योजना का लाभ मिलना शुरू हुआ और अब प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि प्राप्त हो रही है। श्रीमती गायत्री देवांगन ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे अपने और अपने बच्चे के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं इसके अलावा घर की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी यह राशि उनके परिवार के लिए सहायक बनी है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से मिलने वाली सहायता राशि से आवश्यक खर्चों को पूरा करने में सुविधा होती है और परिवार की आर्थिक जरूरतों के प्रबंधन में उन्हें सहयोग मिलता है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने महिलाओं के लिए अपनी जरूरतों और परिवार से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में एक अतिरिक्त सहारा उपलब्ध कराया है। श्रीमती गायत्री देवांगन ने योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

(Bureau Chief, Korba)







