रायपुर (BCC NEWS 24): कभी कच्चे मकान में गुजर-बसर करने वाली राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड ग्राम दर्री निवासी श्रीमती जमुना बाई कौशिक के लिए पक्का घर किसी सपने से कम नहीं था। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके इस सपने को साकार किया। अब उसी पक्के आशियाने की छत पर लगा सोलर पैनल उनके परिवार के जीवन में खुशियों की नई रोशनी बिखेर रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिलने से उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और हर महीने करीब एक हजार रुपये की बचत हो रही है।
जमुना बाई बताती हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश और खराब मौसम के दौरान घर की सुरक्षा की चिंता बनी रहती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का मकान बनने से परिवार को सुरक्षित और स्थायी छत मिली। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया।
सोलर पैनल लगाने के लिए उन्हें केंद्र शासन से 78 हजार रुपये और राज्य शासन से 30 हजार रुपये, यानी कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। इससे सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाना उनके लिए आसान हुआ। जमुना बाई के अनुसार, पहले उनके घर का औसत बिजली बिल करीब एक हजार रुपये प्रतिमाह आता था। अब सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरतें पूरी होने के कारण बिजली बिल शून्य हो गया है। इस तरह उन्हें हर महीने करीब एक हजार और सालभर में लगभग 12 हजार रुपये की बचत हो रही है। जमुना बाई कहती हैं कि पहले उनके पास कच्चा घर था, अब पक्का मकान है और बिजली का खर्च भी नहीं रहा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

(Bureau Chief, Korba)







