बैंक लिंकेज से मिला एक लाख और सामुदायिक निवेश निधि से 60 हजार रुपये का सहयोग
रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ में लखपति दीदी योजना महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के नए अवसर खोल रही है। महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर न केवल अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। सक्ती जिले के ग्राम सराईपाली की श्रीमती रसेंद्री चौहान इसकी मिसाल हैं।
विकासखंड डभरा निवासी रसेंद्री चौहान ने योजना के तहत मिले आर्थिक सहयोग से अपना किराना स्टोर शुरू किया। उन्हें बैंक लिंकेज के माध्यम से एक लाख रुपये और सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) से 60 हजार रुपये की सहायता मिली। इस राशि से उन्होंने व्यवसाय शुरू कर नियमित आमदनी का जरिया तैयार किया।
रसेंद्री चौहान बताती हैं कि किराना स्टोर से होने वाली आय से परिवार को आर्थिक संबल मिल रहा है। साथ ही, उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। वे डभरा विकासखंड में लखपति दीदी के रूप में पंजीकृत हैं। इस सफलता के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उनकी पहल क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

(Bureau Chief, Korba)





