रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से स्वर्गीय मनसुखनी बाई के परिवार को मिले 4 लाख रुपये

            सीएम कैंप कार्यालय बगिया में पिता रामसाय पैंकरा ने लगाई थी सहायता की गुहार, पहल के बाद मिला लंबित मुआवजा

            आंगनबाड़ी केंद्र में खाना बनाते समय आग से झुलस गई थीं मनसुखनी बाई, उपचार के दौरान हुआ था निधन

            आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को मिला संबल, परिजनों ने मुख्यमंत्री साय के प्रति जताया आभार

            रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले के बगिया स्थित सीएम कैंप कार्यालय के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं के निराकरण और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील अंतर्गत ग्राम बारो निवासी श्री रामसाय पैंकरा के परिवार को लंबे समय से लंबित मुआवजा प्रकरण में 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। उनकी पुत्री स्वर्गीय मनसुखनी बाई के निधन के बाद मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे परिवार को मुख्यमंत्री श्री साय की पहल से आर्थिक संबल मिला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय मनसुखनी बाई आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थीं। आंगनबाड़ी केंद्र में भोजन तैयार करने के दौरान आग लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उपचार के दौरान 24 जनवरी 2024 को उनका दुखद निधन हो गया था। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुत्री के असामयिक निधन के बाद परिवार लंबे समय से मुआवजा राशि मिलने की प्रतीक्षा कर रहा था।

            सीएम कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन देने के बाद मिली राहत

            स्वर्गीय मनसुखनी बाई के पिता श्री रामसाय पैंकरा ने अपनी समस्या के समाधान के लिए सीएम कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नाम लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। उन्होंने अपनी पुत्री के निधन की परिस्थितियों और लंबित मुआवजा प्रकरण की जानकारी देते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम कैंप कार्यालय द्वारा संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की पहल की गई। विभागीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रामसाय पैंकरा के परिवार को 4 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई। लंबे समय से प्रतीक्षित सहायता राशि मिलने से परिवार को आर्थिक राहत मिली है। श्री रामसाय पैंकरा और उनके परिजनों ने कठिन समय में सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार के लिए यह सहायता राशि दैनिक जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक कठिनाइयों से उबरने में सहायक होगी।

            ’जरूरतमंदों की समस्याओं के निराकरण का माध्यम बना सीएम कैंप कार्यालय बगिया’

            मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार बगिया स्थित सीएम कैंप कार्यालय में आम नागरिकों की समस्याओं और आवश्यकताओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। यहां प्रतिदिन दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं, लंबित प्रकरणों और सहायता संबंधी मांगों को लेकर पहुंचते हैं। कैंप कार्यालय में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल की जाती है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय और जरूरतमंद परिवारों को शासकीय योजनाओं तथा नियमानुसार उपलब्ध सहायता का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वर्गीय मनसुखनी बाई के परिवार को 4 लाख रुपये का मुआवजा मिलना इसी पहल का उदाहरण है। संबंधित विभागों के समन्वय और समय पर कार्रवाई से लंबे समय से लंबित प्रकरण का निराकरण संभव हुआ है। सीएम कैंप कार्यालय बगिया के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने और उनके समाधान के लिए सहायता प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। इससे विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने में मदद मिल रही है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories