रायपुर : दुख के दौर में शारदा को मिला श्रम विभाग की योजना का सहारा

            मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना से दिवंगत श्रमिक के परिवार को मिली 05 लाख रुपए की आर्थिक मदद

            रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत कोंडागांव जिले के एक श्रमिक परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। जिला व तहसील कोंडागांव के ग्राम सातगांव, नानीपदर निवासी श्री धनेश बघेल श्रम विभाग में इलेक्ट्रीशियन के रूप में पंजीकृत निर्माण श्रमिक थे। कार्यस्थल से घर लौटने के दौरान सड़क दुर्घटना में उनका असामयिक निधन हो गया।

            शासन की योजना के तहत पात्रता एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने पर उनकी पत्नी एवं उत्तराधिकारी श्रीमती शारदा बघेल को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस सहायता से दिवंगत श्रमिक के परिवार को दुख के कठिन और प्रतिकूल समय में आर्थिक संबल प्राप्त हुआ। छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारों के हितों की रक्षा तथा विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना पंजीयन अद्यतन रखें तथा योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी संबंधित श्रम कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories