रायपुर : सचिव भीम सिंह ने अबूझमाड़ में तीन निर्माणाधीन सड़कों का किया निरीक्षण

            सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश

            पीएम जनमन और वीबी-जी राम जी योजना से दूरस्थ जनजातीय गांवों में मूलभूत सुविधाओं और आजीविका के विस्तार पर जोर

            रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ जैसे दुर्गम और दूरस्थ अंचलों में सड़क संपर्क का विस्तार कर विकास की नई राह तैयार की जा रही है। कभी भौगोलिक कठिनाइयों और आवागमन की चुनौतियों से जूझने वाले इन क्षेत्रों में अब पक्की सड़कों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान बनाने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव तथा नारायणपुर जिले के प्रभारी सचिव श्री भीम सिंह ने अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

            सचिव श्री भीम सिंह ने अबूझमाड़ में तीन निर्माणाधीन सड़कों का किया निरीक्षण
            सचिव श्री भीम सिंह ने अबूझमाड़ में तीन निर्माणाधीन सड़कों का किया निरीक्षण
            सचिव श्री भीम सिंह ने अबूझमाड़ में तीन निर्माणाधीन सड़कों का किया निरीक्षण

            प्रभारी सचिव श्री भीम सिंह ने आकाबेड़ा से कलमानार तक 7.3 किमी, कस्तूरमेटा से हिकपाड़ तक 2.5 किमी तथा कुकड़ाझोर से ताड़ोनार तक 1.15 किमी लंबी निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। कुल 10.95 किमी लंबाई के इन तीनों मार्गों के निर्माण से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में सड़क संपर्क को मजबूती मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने और सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

            दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ना शासन की प्राथमिकता

            प्रभारी सचिव श्री भीम सिंह ने कहा कि अबूझमाड़ के दुर्गम और दूरस्थ गांवों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीणों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने, कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

            ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जानी विकास की जरूरतें

            निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव श्री सिंह ने कस्तूरमेटा से हिकपाड़ तक निर्माणाधीन सड़क का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासी श्री मंतूराम गोटा से आत्मीय संवाद कर गांव की जनसंख्या, परिवारों की संख्या और बसाहट की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की योजना बनाते समय स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों, ग्रामीणों की आवश्यकताओं और बसाहट की स्थिति को विशेष महत्व दिया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब वे स्थानीय लोगों की जरूरतों के अनुरूप हों।

            पीएम जनमन के तहत पक्के आवास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर

            प्रभारी सचिव श्री भीम सिंह ने अपने दौरे के दौरान ताड़ोनार गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्री नीलकंठ यादव के नवनिर्मित आवास का भी अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राही से चर्चा कर आवास निर्माण की स्थिति तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाए, ताकि उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित हो सके।

            वीबी-जी राम जी योजना से स्थानीय रोजगार और आजीविका को मिलेगी मजबूती

            प्रभारी सचिव श्री सिंह ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि पीएम जनमन एवं वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों में मूलभूत अधोसंरचना के विकास के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए स्वीकृत विकास कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर निवासरत पात्र परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता श्री के.के. कटारे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


                          Hot this week

                          रायपुर : राज्योत्सव में लोककला के रंग, सुरों की गूंज और थिरकते कदमों ने बांधा समां

                          शिल्पग्राम मंच पर सजी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की मनमोहक...

                          रायपुर : छत्तीसगढ़ में श्रमिकों के अधिकारों को बड़ा संरक्षण

                          राज्य शासन ने अधिसूचित किए छत्तीसगढ़ सामाजिक सुरक्षा नियम,...

                          Related Articles

                          Popular Categories