CG: बंडापाल में पेंशन निराकरण शिविर का आयोजन…

            उत्तर बस्तर कांकेर: कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के निर्देशानुसार आज जिले के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र अंतागढ़ विकासखण्ड के नारायणपुर जिले से लगे गांव बंडापाल में पेंशन निराकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक सहायता कार्यक्रम से संबंधित पेंशन प्रकरणों के अलावा आधार पंजीयन एवं अपडेशन का कार्य किया गया। नया राशन कार्ड बनानें एवं राशन कार्ड में नाम जोड़ने से संबंधित कार्य भी किये गये। इसके अलावा जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदन भी शिविर में प्राप्त हुए।

            कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित इस विशेष शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका परीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर निराकृत किया जायेगा। शिविर में  46 व्यक्तियों का आधार पंजीयन एवं अपडेशन का कार्य भी किया गया तथा 100 लोगों के नया राशन कार्ड एवं नाम जोड़ने संबंधी कार्य भी किया गया। इसके अलावा तीन हितग्राहियों का जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए, जिनका निराकरण किया जा रहा है। शिविर में बंडापाल के सरपंच श्रीमती माहेश्वरी गावड़े सहित आसपास के ग्रामीणजन एवं पंचायत एवं समाज कल्याण, जनपद पंचायत अंतागढ़, राजस्व विभाग, उद्यान, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories