CG: नैला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म में ट्रेन से कटकर युवक ने की आत्महत्या.. पत्नी के वापस नहीं लौटने से था परेशान; शादी के 8 महीने बाद छोड़ गई थी शराबी पति को

            जांजगीर-चांपा: जिले के नैला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3-4 के बीच एक युवक का शव मिला है। शुक्रवार को नैला रेलवे स्टेशन से महज 200 मीटर की दूरी पर युवक का शव पटरी पर पड़ा हुआ मिला, जिसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी गई। मृत युवक की शिनाख्त जयकिशन साहू (28 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में उसके द्वारा आत्महत्या करना बताया जा रहा है। ट्रेन से कटकर शव दो भागों में बंट गया है।

            परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम तिलई का रहने वाला जय किशन साहू मजदूरी करता है। वो अपने घर में अकेला रहता था। उसके माता-पिता और छोटा भाई कमाने के लिए मुंबई गए हुए हैं। जय किशन की शादी साल 2020 में अकलतरा क्षेत्र के ग्राम नारियरा में हुई थी। उसकी पत्नी महज 8 महीने ही उसके साथ रही, उसके बाद मायके चली गई, जिससे युवक तनाव में रहता था।

            पटरी पर मिला क्षत-विक्षत शव।

            पटरी पर मिला क्षत-विक्षत शव।

            बताया जा रहा है कि युवक को शराब पीने की बहुत बुरी लत थी, जिसके कारण पत्नी से भी उसका विवाद होता रहता था और इसलिए उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया था। उसे लेने के लिए जय किशन और पिता रामकुमार साहू 2 बार गांव के बुजुर्गों को लेकर ग्राम नरियारा गए थे, लेकिन पत्नी घर लौटने को राजी नहीं हुई। उसका कहना था कि पति को शराब पीने और नशा करने की बहुत बुरी लत है और वो उसे छोड़ने को तैयार नहीं है। इधर पत्नी के वापस नहीं आने से युवक परेशान रहता था।

            युवक का शव पटरी पर पड़ा हुआ।

            युवक का शव पटरी पर पड़ा हुआ।

            मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि 26 जनवरी को दोपहर में जय गांव में ही नजर आया था, लेकिन उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं था। 27 जनवरी को सुबह व्हाट्सएप पर उसके ट्रेन से कटने की सूचना मिली। रेलवे ट्रैक पर लाश मिली थी, जिसे पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया था। जिला अस्पताल में जाकर परिजन ने शव की शिनाख्त की। मुंबई में रह रहे माता-पिता और छोटे भाई को भी घटना की सूचना दे दी गई है। वे भी वहां से रवाना हो चुके हैं। रेलवे पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories