जिला स्तरीय रामायण प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित मंडली रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग….

              • माँ महामाया मानस मंडली खड़गवां को मिला जिलास्तरीय प्रथम पुरस्कार

              मनेंद्रगढ़: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार राज्य की कला एवं सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप छत्तीसगढ़ अंचल के रामायण मंडली के कलाकारों के संरक्षण, संवर्धन एवं कला दलों के सतत् विकास हेतु रामायण मंडली प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कलाकारों को यथोचित प्रोत्साहन, सम्मान, पुरस्कार दिये जाने हेतु राज्य, जिला व विकासखण्ड स्तरीय रामायण मानस मण्डली 2023 का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में विकासखण्ड एवं जिला स्तर पर निर्धारित तिथियों में रामायण मानस मण्डली प्रतियोगिता 2023 का आयोजन मनेंद्रगढ़ के सांस्कृतिक भवन में शुक्रवार को किया गया। जिलास्तरीय रामायण प्रतियोगिता में माँ महामाया मानस मंडली खड़गवां को प्रथम पुरस्कार, मनेंद्रगढ़ विकासखंड के शिवशक्ति मानस मंडली बंजी को द्वितीय पुरस्कार और भरतपुर विकासखंड के माँ शारदा मानस मंडली जनकपुर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।जिलास्तर पर प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित कलाकार दल  27 से 29 मई 2023 के बीच पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में राज्य स्तरीय रामायण मानस मंडली प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

              ज्ञातव्य है कि राज्य में पहली बार 01 से 03 जून 2023 तक राष्ट्रीय रामायण महोत्सव 2023 का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम होंगे जिसमें प्रस्तुत की जाने वाली नृत्य नाटिका का विषय महाकाव्य रामायण के अरण्य-कांड पर आधारित होगा। रायगढ़ के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन होगा। देश के विभिन्न राज्यों की मानस मंडली और विदेशी दलों द्वारा रामायण पर केंद्रित प्रस्तुति दी जाएगी।राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में सामूहिक हनुमान चालीसा एवं भव्य केलो-आरती का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत के नोडल अधिकारी श्री पीके हरित, जनपद सीईओ मनेंद्रगढ़ श्री रघुनाथ राम, मण्डल संयोजक श्री संजय श्रीवास्तव तथा अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में रामायण के दर्शक  उपस्थित थे।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories