वॉशिंगटन डीसी: व्हाइट हाउस में गुरुवार को एक दवा कंपनी के अधिकारी अचानक गिरकर बेहोश हो गए। यह घटना तब हुई जब ट्रम्प प्रशासन मोटापा कम करने वाली दवाओं के लिए एक नई डील की घोषणा कर रहा था।
अधिकारी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पीछे खड़े थे, जब अचानक उसके घुटने मुड़ गए और वह गिर गए। मौके पर मौजूद अमेरिकी सेंटर्स फॉर मेडिकेयर एंड मेडिकेड सर्विसेज (CMS) के प्रमुख डॉ. मेहमेत ओज ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया और गिरने से बचा लिया।
इस दौरान ट्रम्प भी अपनी सीट से खड़े हो गए। वे मोटापा कम करने वाली दवाओं (GLP-1 दवाओं) को सस्ता और आसानी से उपलब्ध कराने की नई नीति का ऐलान कर रहे थे।
शुरू में पत्रकारों ने गिरने वाले शख्स की पहचान नोवो नॉर्डिस्क कंपनी के एग्जीक्यूटिव गॉर्डन फिनले के रूप में की, लेकिन बाद में कंपनी ने मना कर दिया कि यह वह व्यक्ति नहीं थे।
अधिकारी के बेहोश होने से जुड़ीं 4 तस्वीरें…

अधिकारी की तबीयत खराब होने लगी, तभी व्हाइट हाउस के अधिकारी उन्हें थामने पहुंचे।

सेंटर्स फॉर मेडिकेयर एंड मेडिकेड सर्विसेज के डायरेक्ट डॉ. मेहमत ओज भी शख्स को संभालने के लिए वहां पहुंचे।

मेहमत ओज ने अधिकारी को जमीन पर आराम से लिटाने में मदद की, जिससे उनका सिर जमीन से टकराने से बच गया।

घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प भी घबराकर खड़े हो गए।
व्हाइट हाउस ने भी नाम का खुलासा नहीं किया
व्हाइट हाउस स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारियों ने बेहोश होने वाले अधिकारी की मदद की और मीडिया को तुरंत कमरे से बाहर निकाल दिया गया।
घटना के तुरंत बाद व्हाइट हाउस मेडिकल टीम ने अधिकारी को प्राथमिक उपचार दिया। उनकी तबीयत अब स्थिर बताई जा रही है और प्रेस कॉन्फ्रेंस थोड़ी देर के बाद फिर शुरू की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अपडेट में भी व्हाइट हाउस ने अधिकारी के नाम का खुलासा नहीं किया।
गॉर्डन फिंडले कौन हैं जिनके बेहोश होने का दावा किया जा रहा
गॉर्डन फिंडले दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क के ग्लोबल ब्रांड डायरेक्टर हैं। वे कंपनी के स्विट्जरलैंड के बेसल ऑफिस में काम करते हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ केंट से बायोकेमिस्ट्री में पीएचडी की पढ़ाई की है।
फिंडले ने पहले दवा की सप्लाई की बड़ी दिक्कत को संभालने में अहम भूमिका निभाई थी। अब वे कंपनी के दुनियाभर के मार्केटिंग और नए प्रोडक्ट्स की प्लानिंग का जिम्मा संभालते हैं।
ट्रम्प सरकार का ऐलान: ‘TrumpRx’ से सस्ती होंगी वजन घटाने की दवाएं
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नोवो नॉर्डिस्क और एली लिली दोनों दवा कंपनियों के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। ट्रम्प प्रशासन ने दोनों कंपनियों के साथ एक समझौते की घोषणा की, जिसके तहत मोटापा और डायबिटीज जैसी बीमारियों में काम आने वाली GLP-1 दवाओं को अब नई सरकारी वेबसाइट ‘TrumpRx’ के जरिए सस्ती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा। यह वेबसाइट अगले साल लॉन्च की जाएगी।
कितनी सस्ती होंगी दवाएं
एफडीए की मंजूरी के बाद दवा का ओरल वर्जन सिर्फ 149 डॉलर (करीब ₹12,500) प्रति माह में मिलेगा। वहीं, इंजेक्टिव वर्जन मरीजों को 245 डॉलर (करीब ₹20,500) प्रति माह में उपलब्ध होंगे। ये दवाएं मोटापा घटाने के साथ-साथ डायबिटीज जैसी बीमारियों में भी उपयोगी हैं।

(Bureau Chief, Korba)




