कैनबरा: ऑस्ट्रेलिया में एक महिला को भारी मात्रा में ड्रग्स की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया है। महिला की उम्र 32 साल है और वह साउथ अफ्रीका से सिडनी आ रही थी। उसके पास दो सूटकेस थे। एयरपोर्ट पर बॉर्डर फोर्स अधिकारियों को उसके बैग्स पर शक हुआ, जिसके बाद उनकी जांच की गई।
जांच में दोनों सूटकेस से सफेद पाउडर बरामद हुआ। पहले सूटकेस में 20 किलो और दूसरे में 19 किलो पाउडर मिला। जांच करने पर यह मेथामफेटामीन ड्रग निकला। कुल मिलाकर महिला के पास करीब 39 किलो मेथामफेटामीन थी।
इस ड्रग्स की कीमत करीब 36.7 मिलियन डॉलर (337 करोड़ रुपए) बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अगर यह ड्रग ऑस्ट्रेलिया में पहुंच जाती तो इससे करीब 3 लाख 90 हजार छोटे स्तर की ड्रग डील हो सकती थीं।
महिला को ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उस पर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग आयात करने और रखने का आरोप लगाया गया है। इन आरोपों में उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है।
पुलिस ने बताया कि बैग्स के एक्स-रे स्कैन में गड़बड़ी दिखी थी, इसी वजह से अधिकारियों को शक हुआ। पुलिस का कहना है कि वह ड्रग तस्करों के नेटवर्क को लगातार पकड़ रही है और ऐसे अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पिछले कुछ महीनों में ऑस्ट्रेलिया में कई ड्रग मामलों का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 100 किलो से ज्यादा नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं और 7 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।

(Bureau Chief, Korba)





