इस्लामाबाद: पाकिस्तान की सेना की मीडिया विंग ISPR के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एक महिला पत्रकार को आंख मारी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पत्रकार अब्सा कोमान ने चौधरी से पूछा था कि इमरान खान पर लगाए जा रहे आरोप जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा खतरा, एंटी-स्टेट और दिल्ली के इशारों पर काम करना पहले के आरोपों से कैसे अलग हैं और क्या आगे कोई नई कार्रवाई की उम्मीद है।
इस पर चौधरी ने तंज करते हुए कहा- एक चौथा पॉइंट जोड़ लें, वह (इमरान खान) एक जेहनी मरीज भी हैं। यह कहते हुए उन्होंने मुस्कराकर पत्रकार को आंख मारी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग शुरू हो गई।
एक यूजर ने X पर लिखा कि यह सब कैमरे के सामने हो रहा है। पाकिस्तान में लोकतंत्र खत्म हो चुका है। एक अन्य यूजर ने कहा कि ये देश मजाक बन चुका है।
चौधरी ने इमरान खान को आत्ममुग्ध बताया
चौधरी ने कुछ दिन पहले भी इमरान खान पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘नारसिसिस्ट’ (आत्ममुग्ध) कहा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि इमरान खान को लगता है कि है अगर वे सत्ता में नहीं हैं तो कुछ भी मौजूद नहीं रहना चाहिए।
चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि जेल में इमरान खान से मिलने वाले लोग सेना के खिलाफ नफरत भड़काने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी पाकिस्तान की सेना और जनता के बीच दरार पैदा नहीं करने दी जाएगी, क्योंकि संविधान में अधिकारों के साथ सीमाएं भी होती हैं खासकर राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में।
चौधरी का यह बयान तब आया जब इमरान खान ने सोशल मीडिया पर जनरल मुनीर को मानसिक तौर पर अस्थिर बताया था। इमरान ने कहा था कि मुनीर पाकिस्तान में संविधान और कानून की पूरी तरह तबाही करने की कोशिश कर रहे हैं।
महिलाओं से पहले भी छेड़छाड़ कर चुके हैं पाकिस्तानी नेता
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के किसी अधिकारी या नेता सार्वजनिक तौर पर इस तरह की हरकत की हो। 13 साल पहले पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी का भी ऐसा एक वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि, उस वक्त तक गिलानी पाकिस्तान के पीएम नहीं बने थे।
इस वीडियो में यूसुफ रजा गिलानी एक महिला पत्रकार शेरी रहमान के साथ रैली के दौरान छेड़छाड़ करते नजर आए थे। हालांकि, गिलानी और शेरी रहमान दोनों ने इस वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन इसे लेकर काफी विवाद हुआ था।

यूसुफ रजा गिलानी पर आरोप था कि उन्होंने महिला पत्रकार को गलत तरीके से छुआ था।
इमरान खुद भी स्कैंडल में फंस चुके हैं
इमरान खान खुद भी इस तरह के स्कैंडल में फंस चुके हैं। तीन साल पहले एक महिला पार्टी वर्कर से बात करते हुए उनका कथित ऑडियो टैप वायरल हुआ था। आरोप है कि इसमें वे अश्लील बात कर रहे थे और महिला से मिलने के लिए कह रहे थे। यह ऑडियो दो हिस्सों में था।
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इन ऑडियो टेप्स को तब रिकॉर्ड किया गया था, जब इमरान प्रधानमंत्री थे। जबकि, एक ऑडियो के बारे में दावा किया गया था है कि यह प्राइम मिनिस्टर ऑफिस का था। उनकी पार्टी ने इन ऑडियो टेप्स को फर्जी बताया था।
पंजाब असेंबली में इमरान खान की पार्टी पर बैन का प्रस्ताव पास
पाकिस्तान की सियासत में एक और बड़ा विवाद शुरू हो गया है। पंजाब असेंबली ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें इमरान खान और उनकी पार्टी PTI पर बैन लगाने की मांग की गई है। असेंबली ने कहा कि इमरान खान और उनकी पार्टी देश के खिलाफ काम कर रहे हैं और एंटी-स्टेट बातें फैला रहे हैं।
पंजाब असेंबली में यह प्रस्ताव PML-N के विधायक ताहिर परवेज ने पेश किया। PTI के विधायक पहले ही सदन का बहिष्कार कर चुके थे, इसलिए प्रस्ताव बिना किसी मुश्किल के पास हो गया। प्रस्ताव में इमरान खान या PTI का नाम सीधे नहीं लिखा गया, लेकिन जो बातें लिखी थीं, उनसे साफ पता चल रहा था कि निशाना उन्हीं पर है।
प्रस्ताव में पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ की गई और कहा गया कि उन्होंने हमेशा देश को बड़े दुश्मनों, खासकर भारत, से बचाया है।
प्रस्ताव में यह भी लिखा गया कि एक राजनीतिक पार्टी और उसका संस्थापक देश के खिलाफ बयान दे रहे हैं, लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। वे दुश्मन देशों के हाथ की कठपुतली बन गए हैं। इसलिए इस पार्टी और इसके संस्थापक पर बैन लगना चाहिए और कानून के मुताबिक सजा दी जानी चाहिए।

(Bureau Chief, Korba)




