वॉशिंगटन डीसी: होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर ईरान के गनबोट्स ने गोलीबारी की। यह घटना तब हुई जब ईरान ने इस समुद्री रास्ते पर फिर से सख्त नियंत्रण लागू करने का ऐलान किया था।
UK मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर के मुताबिक टैंकर के कप्तान ने बताया कि ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की दो गनबोट उसके पास आईं और बिना रेडियो चेतावनी सीधे टैंकर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जहाज स्ट्रेट पार किए बिना ही लौट गए।
ईरान ने ऐलान किया था कि वह स्ट्रेट पर अपनी सैन्य निगरानी दोबारा कड़ी कर रहा है। ईरान ने कहा कि अमेरिका ने सीजफायर डील का उल्लंघन किया, इसलिए होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह सेना के कंट्रोल में होगी।
वहीं अमेरिका ने होर्मुज से नाकेबंदी हटाने से इनकार कर दिया था। ट्रम्प ने कहा कि जब तक ईरान अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता, तब तक यह जारी रहेगी।
साथ ही अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि ईरान के बंदरगाहों और तटीय इलाकों पर समुद्री ब्लॉकेड लगातार लागू रहेगा। ब्लॉकेड लागू करने के लिए अमेरिकी युद्धपोत USS कैनबरा अरब सागर में गश्त कर रहा है।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका हर हालत में ईरान के पास मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम लेकर रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बातचीत से समझौता नहीं हुआ, तो यह काम और सख्त तरीके से भी किया जा सकता है।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
दोबारा बातचीत: अमेरिका और ईरान की टीमें सोमवार को फिर से पाकिस्तान में बातचीत कर सकती हैं। हालांकि दोनों पक्षों ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
होर्मुज स्ट्रेट बंद: ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया। आरोप लगाया कि अमेरिका सीजफायर समझौते का ठीक से पालन नहीं कर रहा।
अमेरिका ने रिजर्व से 2.6 करोड़ बैरल तेल निकाला: अमेरिका ने अपने इमरजेंसी ऑयल स्टोरेज से करीब 2.6 करोड़ बैरल तेल निकालकर 9 कंपनियों को दे दिया है।
अमेरिकी नाकेबंदी जारी: ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ समझौते में अब कोई बड़ी अड़चन नहीं बची है, हालांकि डील पूरी होने तक नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी।
घर वापसी: इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर लागू होने के बाद लेबनान में हजारों लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं।

(Bureau Chief, Korba)




