वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि क्यूबा सरकार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही है और अमेरिका से बातचीत कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका क्यूबा का ‘फ्रेंडली टेकओवर’ कर सकता है, जिससे क्यूबन-अमेरिकियों को लाभ हो सकता है।
व्हाइट हाउस से टेक्सास रवाना होते समय ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा, “क्यूबा सरकार हमसे बात कर रही है। वे बड़ी मुसीबत में हैं। उनके पास पैसा नहीं है, उनके पास कुछ भी नहीं है। लेकिन वे हमसे बातचीत कर रहे हैं और हो सकता है कि हमारा क्यूबा पर फ्रेंडली टेकओवर हो जाए।”
हालांकि ट्रम्प ने यह स्पष्ट नहीं किया कि फ्रेंडली टेकओवर से उनका क्या मतलब है और दोनों देशों के बीच किस मुद्दे पर चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि संभावित कदम अमेरिका में रहने वाले उन क्यूबाई मूल के लोगों के लिए सकारात्मक हो सकता है, जो दशकों पहले क्यूबा छोड़कर आए थे।
उनके मुताबिक, ऐसे कई लोग क्यूबा लौटना चाहते हैं और मौजूदा बातचीत से संतुष्ट हैं। अमेरिका और क्यूबा के संबंध दशकों से राजनीतिक तनाव और आर्थिक प्रतिबंधों के कारण जटिल रहे हैं। ट्रम्प की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब वह कई बार ग्रीनलैंड पर कब्जे की बात कह चुके हैं।

(Bureau Chief, Korba)



