बिहार: प्रदेश के अररिया में गुरुवार को एक युवक का गला काटकर उसका कटा सिर बीच सड़क पर रख दिया। मृतक की पहचान मो. नवी हुसैन के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने वाले का नाम रवि चौहान बताया जा रहा है।
नवी ड्राइवर था और रवि सत्तू की दुकान चलाता था। रवि ने नवी के सीने पर बैठकर बीच सड़क उसकी गर्दन काटी। इसका वीडियो भी सामने आया है।
वारदात के बाद रवि 5 मिनट तक हाथ में चाकू लिए वहीं खड़ा रहा। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
भीड़ ने सड़क पर आगजनी और तोड़फोड़ की। इलाके के सभी दुकानों को बंद कर दिया गया है। घटना फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मार्केटिंग यार्ड गेट नंबर 2 के पास हुई।
2 तस्वीरें, ये आपको विचलित कर सकती हैं…

हत्या के बाद आरोपी ने सिर को बीच सड़क रख दिया।

हत्या के बाद जमीन पर बिना सिर के पड़ा धड़।
छाती पर बैठकर चाकू से गला काटा
बीच सड़क चाकू से गला काटने का 30 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। इसमें नवी जमीन पर लेटा दिख रहा है। रवि उसकी छाती पर चढ़कर गला रेत रहा है।
इस दौरान आते-जाते लोग रास्ता बदल लेते हैं। कुछ भागकर दूर चले जाते हैं, लेकिन कोई उसे रोकने की कोशिश नहीं करता।

बीच सड़क नवी का गला काटता रवि।
पत्नी पर कमेंट करने पर भड़का आरोपी रवि
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया, आज सुबह पिकअप ड्राइवर मो. नवी हुसैन रवि कुमार के पास पहुंचा। रवि सत्तू बेचता है। नवी ने रवि से कहा, ‘सत्तू वाली कैसी है।’ इस पर रवि भड़क गया। दोनों में बहस हुई। इसी बीच रवि ने चाकू निकाल कर नवी के पेट में मार दिया। लोगों का कहना है कि फिर रवि नवी की छाती पर बैठा और उसका गला रेत डाला।
हत्या के बाद मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने आरोपी रवि को पकड़ लिया और उसे बेरहमी से पीटा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रवि को भीड़ से छुड़ाया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद
आसपास के लोगों ने बताया गुरुवार यानी 9 अप्रैल की सुबह सत्तू बेचने की जगह पर पिकअप लगाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद में रवि ने नवी की पहले चाकू गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद सिर को धड़ से अलग कर सड़क पर रख दिया।
दोनों के बीच पार्किंग को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। नवी वहां अपनी गाड़ी खड़ी करता था तो रवि भड़क जाता था। आज नवी ने रवि की पत्नी पर कमेंट किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोपी की पिटाई की 4 तस्वीरें…

युवक की हत्या के बाद आरोपी को भीड़ ने पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी की पिटाई के बाद कुछ लोग उसे जमीन पर ही घसीटने लगे। इस दौरान लोग उसपर लाठी-डंडे और लात बरसाते रहे।

भीड़ से आरोपी रवि को छुड़ाने की कोशिश करती पुलिस।

पुलिस आरोपी रवि को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल लाई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद धड़ के पास खड़ा रहा रवि
मो. नवी हुसैन की हत्या के बाद रवि हाथ में चाकू लेकर करीब 5 मिनट तक वहीं खड़ा रहा। डर के मारे कोई उसके पास नहीं गया। रवि लाल रंग की टीशर्ट में हाथ में बड़ा चाकू लिए था। उससे पास नवी हुसैन का धड़ पड़ा था।
नवी के परिवार को जैसे ही हत्या की जानकारी लगी, भीड़ ने आरोपी को घेर लिया। रवि के साथ मारपीट की, पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया।

नवी की हत्या के बाद हाथ में चाकू लिए खड़ा रवि।
सिर से 10 फीट दूर पड़ा मिला धड़
रवि ने नवी हुसैन की हत्या के बाद उसके सिर को काटकर बीच सड़क पर रख दिया। सिर सड़क के बीच में था और धड़ सड़क के किनारे।
धड़ जिस जगह पड़ा था, वहां पानी था। नवी के खून से पानी लाल हो गया था। लोगों के मुताबिक, ‘रवि मर्डर के बाद पागल जैसी हरकतें करने लगा। सिर काटकर सड़क के बीच में रखना ये कोई साधारण इंसान नहीं कर पाएगा। उसे कोई पछतावा भी नहीं हो रहा था।’
नवी का भाई बोला- हत्या का बदला हत्या
मृतक के भाई मोहम्मद अली हुसैन ने बताया, नवी पिकअप चलाकर अपने 3 बच्चों और परिवार का पालन पोषण करता था। उसका पहले से कोई विवाद नहीं था। मुझे भाई के बदले भाई चाहिए, नहीं तो सब्जी मंडी में आग लगा देंगे।
भीड़ ने आगजनी की, सड़क भी जाम की
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने सुभाष चौक के पास सड़क जाम कर आगजनी भी की, जिससे यातायात बाधित हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद भीड़ ने सड़क पर आगजनी की।

बीच सड़क वारदात के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।

गुस्साए लोगों ने बाजार में तोड़फोड़ की।
पुलिस बोली- लोगों को समझाया जा रहा है
SDPO मुकेश कुमार साहा ने बताया, 2 लोगों की मौत हो चुकी है। पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति है। पुलिस बल कैंप कर स्थिति पर नजर रखे हुए है। आक्रोशित लोगों को समझाया जा रहा है।
इन 3 एंगल पर पुलिस कर रही जांच
- अफेयर में मर्डर– हत्या से पहले मो. नवी हुसैन रवि की सत्तू दुकान पर पहुंचा और कहा कि सत्तू वाली कैसी है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मामला अफेयर का हो सकता है।
- पैसों का लेन-देन– कुछ लोगों का ये भी कहना है कि नवी हुसैन और रवि में पैसों का लेनदेन था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। हो सकता है उसे लेकर ये हत्या हुई हो।
- पुराने विवाद में मर्डर– पुलिस दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर भी जांच कर रही है। कुछ लोगों का ये भी कहना है कि दोनों का पहले से किसी बात को लेकर विवाद था। आज ये वारदात हो गई।
तेजस्वी बोले- ये ‘प्रोपेगेंडा फिल्म’ का असर
इस मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा-
ये है बिहार के भयावह हालात, अररिया जिले के फारबिसगंज में एक शख्स ने सरेआम बीच बाजार दूसरे शख्स का गला काट दिया और सैकड़ों लोगों के बीच उसका सिर लेकर घूमता रहा। बाद में मृतक के परिजनों ने हत्या करने वाले को ढूंढ़कर उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस भी कानून व्यवस्था को संभालने की जगह जान बचाती दिख रही है।
तेजस्वी ने आगे लिखा, “महाचौपट राज की इससे बड़ी तस्वीर क्या हो सकती है? यह घटना साफ दिखा रही है कि बिहार में कानून व्यवस्था किस हद तक बदहाल हो चुकी है। सत्ताधारी भाजपा-जदयू के नेता ‘सीएम चेयर’ के खेल में लगे हैं और बिहार में हर दिन लूट, हत्या, अपराध और बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिनदहाड़े सरेआम हत्याएं हो रही हैं और कानून का जरा भी डर नहीं है। बालू-दारू में मस्त-व्यस्त और पस्त NDA शासन के कारण बिहार की आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बिहार में NDA राज नहीं, महाचौपट राज है।
नरेंद्र मोदी 5 साल बाद चुनावों में आकर फिर भी जंगलराज का बेसुरा राग गाएंगे। और एक बात सिर काट कर घूमने का दृश्य अभी हाल ही में आई प्रोपेगेंडा फिल्म का दृश्य था। भाजपा सरकार अपने प्रोपेगेंडा के लिए जो जहर समाज में भर रही है, ये भी दिल दहलाने वाला है. जहर की खेती का खामियाजा अब दिखना शुरू हो चुका है।”

(Bureau Chief, Korba)




