बिलासपुर: एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी के प्रथम बैच का प्रशिक्षण पूर्ण, 33 प्रशिक्षु हुए प्रशिक्षित

            बिलासपुर (BCC NEWS 24) : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में आयोजित ‘एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी – बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के प्रथम बैच का समापन समारोह आज मानव संसाधन संस्थान, इंदिरा विहार, बिलासपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास उपस्थित रहे।

            प्रथम बैच के 33 प्रशिक्षुओं ने लगभग एक माह का बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। 16 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को कंपनी की नीतियों एवं नियमों, सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं, हथियार संचालन तथा शारीरिक एवं मानसिक दक्षता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य सुरक्षा प्रहरियों को आवश्यक कौशल, अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा से सुसज्जित करना है।

            अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा, “वर्दी कोई सामान्य वस्त्र नहीं, आपकी पहचान है, आपके चरित्र, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।” उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने आचरण में संयम, व्यवहार में शालीनता तथा निर्णयों में विवेक बनाए रखने का आह्वान किया।

            प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि श्री बिरंची दास द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मा.सं./सुरक्षा) श्री सुवंकर परिड़ा, महाप्रबंधक (एच.आर.डी.) श्री बी.सी. सेठी, सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर बी. दक्षिणामूर्ति, अधिकारी, प्रशिक्षक एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी कार्यक्रम कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सतर्क एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories