Thursday, February 12, 2026

              छत्तीसगढ़ में दो समुदायों के बीच खूनी संघर्ष, युवक की हत्या… बीच-बचाव करने गए पुलिस सब इंस्पेक्टर पर भीड़ ने हमला किया, धारा 144 लगाई

              बेमेतरा: जिले से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित बीरमपुर गांव में शनिवार दोपहर हिंदू और मुस्लिम युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां पहुंचे साजा थाने के एसआई बीआर ठाकुर पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। कुछ वाहन भी जलाए गए हैं।

              इधर, एसपी और कलेक्टर घटनास्थल पर पहुंचे। उनका कहना है कि बच्चों के मामूली झगड़े ने बड़ा रूप ले लिया। माहौल को देखते हुए बेमेतरा में धारा 144 लगाई गई है। खबर लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण है और आसपास के जिलों से पुलिस बल को भेजा जा रहा है।

              जानकारी के मुताबिक, बीरमपुर में कुछ महीने पहले दो-तीन हिंदू लड़कियों ने मुस्लिम लड़कों से विवाह किया था। उस समय भी वहां इस बात पर झगड़ा हुआ था। बाद में वह झगड़ा तो शांत हो गया, लेकिन गांव के लोग दो पक्षों में बंट गए। बीच-बीच में इस मुद्दे पर वहां तनाव फैलता रहा। शनिवार दोपहर को भी इसी तरह की बात को लेकर युवकों के दो गुटों में बहस हुई। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से युवा और समाज के लोग लाठी-डंडे, हथियार लेकर आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

              साजा थाने के एसआई बीआर ठाकुर पर भी भीड़ ने हमला कर दिया, उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

              साजा थाने के एसआई बीआर ठाकुर पर भी भीड़ ने हमला कर दिया, उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

              दोनों पक्षों के कई लोग घायल
              इस संघर्ष में धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया। भीड़ में मौजूद एक 22 साल के युवक को ज्यादा चोटें आई। इससे वह वहीं मौके पर गिरा और दम तोड़ दिया। इसके बाद भी यह झगड़ा रुका नहीं। दोनों पक्षों के कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

              स्थिति संभालने आए एसआई पर हमला

              दो समुदाय में संघर्ष की बात इस इलाके के साजा थाने में पहुंची। वहां उस समय सब इंस्पेक्टर बीआर ठाकुर ड्यूटी पर थे। वे तत्काल कुछ सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उस समय भी मारपीट चल रही थी। उन्होंने भीड़ में जाकर ऐसा नहीं करने की बात कही, लेकिन इसी दौरान किसी ने उन पर भी हमला कर दिया। उनके साथ गए सिपाही उन्हें लेकर साजा लौटे। फिलहाल उनका साजा अस्पताल में इलाज चल रहा है।

              इसी जगह पर दो पक्षों में विवाद हुआ था, फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण।

              इसी जगह पर दो पक्षों में विवाद हुआ था, फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण।

              कोई अधिकारिक बयान नहीं

              मामला हिंदू और मुस्लिम समाज का होने के कारण कोई भी अधिकारी इस पर कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। खबर मिली है कि बेमेतरा जिला मुख्यालय और आसपास के थानों से बल बीरमपुर भेजा गया है।

              साहू समाज के लोग जुटे

              बीरमपुर में साहू समाज की आबादी ज्यादा है, लिहाजा जिले भर के साहू समाज के पदाधिकारी गांव पहुंच गए हैं और साहू समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। दरअसल कुछ दिनों पूर्व साहू समाज की ओर से बीरमपुर गांव में दूसरे समाज में शादी नहीं करने को लेकर एक जागरूकता अभियान चलाया गया था । इसी के बाद इस गांव में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी और आखिरकार आज वह तनाव खूनी संघर्ष बदल गया।

              एसपी-कलेक्टर मौके पर मौजूद

              बेमेतरा एसपी आई कल्याण और कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा मौके पर पहुंचे। एसपी आई कल्याण ने कहा कि छोटी सी बात थी, लेकिन ये दो समुदायों का विवाद कैसे बन गया, ये जांच का विषय है। सबसे पहली प्राथमिकता यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस बल एरिया में लगाया गया है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। वहीं कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा ने बताया कि सुबह साइकिल से गिरने को लेकर बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें बड़े भी शामिल हो गए। इसके बाद हालात बहुत बिगड़ गए। विवाद में दोनों समुदाय आपस में उलझ गए और एक पक्ष ने दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और स्थिति तनावपूर्ण न हो, इसके प्रयास किए जा रहे हैं।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories