Breaking News: ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR, चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह पर टिप्पणी और भड़काऊ भाषण देने के आरोप

          कोलकाता: ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शुक्रवार को FIR दर्ज की गई है। उनके खिलाफ बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरा बयान देने का आरोप है। केस उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

          सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार ने 5 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। चुनाव नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद यह शिकायत बागुईआटी पुलिस स्टेशन में दी गई थी। इसमें 27 अप्रैल से 3 मई के बीच अभिषेक के कई चुनावी भाषणों का जिक्र किया गया है। इनके वीडियो लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं।

          पुलिस ने 15 मई को दोपहर 2:45 बजे बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की।

          FIR में मुख्य दो आरोप…

          • अभिषेक बनर्जी के भाषणों में भड़काऊ और धमकी भरी टिप्पणियां की गईं। इन बयानों से सार्वजनिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
          • अभिषेक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरा बयान दिया। सार्वजनिक कार्यक्रमों में विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आक्रामक भाषा इस्तेमाल किया।

          शाह पर अभिषेक बनर्जी के पिछले 4 बयान…

          10 अप्रैल 2026: अभिषेक ने शाह के घुसपैठ वाले आरोप पर जवाब देते हुए कहा था- अगर घुसपैठ हो रही है तो इसकी जिम्मेदारी अमित शाह की है। सीमा सुरक्षा BSF और गृह मंत्रालय के अधीन है, राज्य सरकार के नहीं।

          16 अप्रैल 2026: पूर्व मेदिनीपुर के भगवानपुर की रैली में कहा- अमित शाह को चैलेंज करता हूं, अगर दम है तो 4 मई को कोलकाता में रहिएगा। 12 बजे के बाद मुलाकात होगी। 4 मई को पता चलेगा कि आप कितने बड़े गुंडे हैं। खेला तुम लोगों ने शुरू किया है, बाकी TMC करेगी।

          25 अप्रैल 2026: चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक ने कहा- अमित शाह मतदाताओं को धमकाने की राजनीति कर रहे हैं। BJP को हार दिख रही है, इसलिए डर का माहौल बनाया जा रहा है।”

          2 मई 2026: उन्होंने कहा- अमित शाह और चुनाव आयोग दोनों सुन लें, 4 मई को बंगाल की जनता जवाब देगी। लोकतंत्र को दबाने की हर कोशिश का जवाब मिलेगा।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories