इस्लामाबाद: पाकिस्तानी बैटर बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी के साथ करीब 100 करोड़ पाकिस्तानी रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। जोकि पॉन्जी स्कीम से जुड़ा हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि पाकिस्तान पूर्व टेस्ट कप्तान के साथ करीब एक दर्जन खिलाड़ियों ने PSL से जुड़े बिजनेसमैन की स्कीम पर पैसा लगाया था। शुरुआत में उन्हें रिटर्न भी मिला, लेकिन अब अचानक उन्हें पैसा मिलना बंद हो गया।
पीड़ित क्रिकेटर्स ने जब बिजनेसमैन से संपर्क किया, तो उन्हें कह दिया गया कि अब पैसा वापस नहीं मिलेगा। इसके बाद उसने फोन और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। देश छोड़कर चला गया। बताया जा रहा है कि इन खिलाड़ियों ने सिर्फ अपना नहीं, बल्कि रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों का भी पैसा निवेश किया था. बताया जा रहा है कि ये रकम 100 करोड़ पाकिस्तानी रुपए तक है।

जियो न्यूज के अनुसार 2 दिन पहले PCB ने अपनी टीम की वर्ल्ड कप तैयारियां होल्ड कर दी थीं।
एक दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी ठगी का शिकार
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के करीब एक दर्जन मौजूदा खिलाड़ियों के साथ ठगी हुई है। इनमें बाबर, रिजवान और शाहीन के अलावा, फखर जमान, शादाब खान जैसे नाम भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कारोबारी पाकिस्तान सुपर लीग की कुछ फ्रेंचाइजी की स्पॉसरशिप से भी जुड़ा रहा है।
भारी नुकसान का हवाला देकर कारोबारी हुआ फरार
प्रभावित खिलाड़ियों ने उससे संपर्क किया तो कारोबारी ने कथित तौर पर यह दावा किया कि उसे भारी नुकसान हुआ है। जिसमें खिलाड़ियों की निवेश राशि और उसकी अपनी पूंजी भी शामिल है। उसने कहा कि वह पैसा लौटाने की स्थिति में नहीं है।
क्या है पॉन्जी स्कीम?
पॉन्जी स्कीम एक धोखाधड़ी वाली निवेश योजना होती है। इसमें लोगों को ज्यादा और जल्दी मुनाफे का लालच दिया जाता है, लेकिन असल में कोई बिजनेस या निवेश नहीं होता है। इसमें नए निवेशकों के पैसों से पुराने निवेशकों को रिटर्न दिया जाता है। जब नए लोग आना बंद हो जाते हैं, तो स्कीम ढह जाती है और ज्यादातर लोगों का पैसा डूब जाता है।

(Bureau Chief, Korba)





