दुर्ग: बाइक चोरी के आरोप में 7 माह से जेल में बंद आरोपी ने बाहर आते ही एक ही रात में 6 दुकानों के ताले तोड़ दिए। उसने चोरी में महारथ हासिल करने के लिए यूट्यूब में चोरी करने से जुड़े वीडियो देखे। अपनी गैंग में 3 नाबालिग लड़कों को रखा और ज्वेलर्स सहित 6 दुकानों के ताले एक ही रात में तोड़ दिए। सभी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी किया, लेकिन फिर भी तीसरी आंख की जद में आ गए और पुलिस ने उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया।
दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि रिसाली निवासी विमलेष जैन नेवई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आजाद मार्केट भिलाई में उसकी मसाला उद्योग के नाम से दुकान है। 15 अप्रैल 2023 को किसी ने दुकान का ताला तोड़कर वहां से 10 हजार रुपए नगद चोरी कर लिया है। पुलिस चोरी के मामले का पता लगा ही रही थी कि फिर से 21 अप्रैल को उतई बंजारी पारा निवासी योगेश कुमार साहू ने शिकायत दर्ज कराई की रमन डेली नीड्स के नाम से उसकी इंदिरा नगर में दुकान है। 15 अप्रैल की रात किसी ने दुकान का ताला तोड़कर 1700 रुपए नगद व सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर ले गया है।

चोरों के पास से पुलिस ने जब्त किया चोरी का माल
इसी दिन पाटन निवासी टिकेश्वर साहू, उतई निवासी योगीराम देवांगन, शषिकांत, उत्तम सिंह वर्मा और अंडा निवासी व गणेश ज्वेलर्स के संचालक सतीश सोनी चोरी की घटना की शिकायत दर्ज कराई। एक साथ 6-6 दुकानों में चोरी की शिकायत से दुर्ग पुलिस भी सकते में आ गई थी। एसपी ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया और औरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में तीन नाबालिग सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मामले के बारे में जानकारी देते एएसपी ग्रामीण
यूट्यूब से चोरी करना सीखा और बनाई गैंग
आरोपी तिलेश्वर जांगडे उर्फ चिन्टू (19 साल) निवासी रजवाडा भवन, धनोरा ने एसपी को बताया कि वो 15 अगस्त 2022 को ही 6 बाइक चोरी के मामले में जेल गया था। वहां से छूटकर बाहर आया तो यूट्यूब चैनल में चोरी से जुड़े वीडियो देखे। इसके बाद तीन नाबालिग लड़कों को अपनी गैंग में इसलिए शामिल किया कि यदि वो पकड़े गए तो उनके ऊपर बड़ी कार्रवाई नहीं होगी। तिलेश्वर खुद शटर को तोड़ता था और नाबालिग लड़कों अंदर चोरी करने भेजता था।
एक ही दिन में एसपी के देखे 86 वीडियो
तिलेश्वर जांगड़े जैसे ही जेल से छूटकर बाहर आया उसने एसपी दुर्ग की आरोपियों से पूछताछ वाले 86 वीडियो देख डाले। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तो वो यही पूछता रहा कि एसपी अभिषेक पल्लव हैं कि नहीं। वो पूछताछ करेंगे तो वो पॉपुलर होगा।


