Thursday, February 19, 2026

              CG : शादी में डांस करने के विवाद में चाकूबाजी, युवक के पेट में मारा चाकू, हालत गंभीर; 2 आरोपी गिरफ्तार

              दुर्ग: जिले में रविवार रात एक शादी कार्यक्रम में डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों के बीच चाकूबाजी हो गई। इस हमले में एक युवक के पेट में चाकू लगने से वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद जामुल पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।

              जामुल थाना प्रभारी केशल कोशले ने बताया कि, घासीदास नगर निवासी पप्पू साव (27) रोजी मजदूरी का काम करता है। 12 मई को वो अपने दोस्त राकेश की बहन के शादी में शामिल होने सतनाम भवन घासीदास नगर गया था। उसके साथ उसका भाई सोनू साव और हीरा साव भी गया था। उस शादी में मोहल्ले के रहने वाले सचिन और पोट्टा भी आया था।

              घायल को एंबुलेंस से लाया गया अस्पताल

              घायल को एंबुलेंस से लाया गया अस्पताल

              बाराती और घराती पक्ष में विवाद

              रात करीब 9.30 बजे के करीब बारात आई। उसमें सभी नाच रहे थे। पप्पू सोनू और हीरा भी बराती के रूप में गए थे, तो वो भी नाचने लगे। इसी बीच बारात में नाचने को लेकर बाराती और घराती पक्ष में विवाद होने लगा।

              इससे पहले कोई कुछ समझ पाता पोट्टा और सचिन दोनों सोनू साव को मारने लगे। गाली देते हुए कहा कि उन्होंने इसे नाचने से मना किया, लेकिन उसके बाद भी वो नहीं मान रहा। इतने में पप्पू और हीरा ने बीच बचाव करने की कोशिश की। इससे विवाद बढ़ गया और पोटटा ने अपनी जेब से चाकू निकालकर सोनू साव के पेट में घुसा दिया। जिससे सोनू लहूलुहान होकर गिर गया।

              घायल की हालत गंभीर, निजी अस्तपताल में भर्ती

              चाकू लगने के बाद उसके भाई ने सोनू के घाव को तेजी से दबाकर रखा और उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला लेकर आए। जामुल पुलिस भी उनके साथ पहुंची। यहां अधिक चोट आने से उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से भी डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर किया। परिजनों ने घायल को दुर्ग के गंगोत्री अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories