Monday, February 23, 2026

              CG: फौजी का मर्डर, सम्मान के साथ अंतिम संस्कार… पुलिस हिरासत में 4 संदेही, खंगाले जा रहे कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन

              बलरामपुर: जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र करमडीहा गांव में शुक्रवार सुबह मार्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड फौजी की हत्या कर दी गई। देर शाम रिटायर्ड फौजी के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार सम्मान के साथ किया गया। मामले में चार संदेहियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे बलरामपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह पूछताछ कर रहे हैं।

              मिली जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड फौजी देव कुमार कन्नौजिया (45) की लाश मिली थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पर वाड्रसनीफनगर एसडीओपी रामवतार ध्रुव के साथ बसंतपुर थाना प्रभारी चंदन सिंह की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को शव सड़क पर पड़ा मिला।

              देर शाम अंतिम संस्कार

              पुलिस ने वाड्रफनगर में देव कुमार कन्नौजिया के शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। देर शाम करमडीहा में पहुंचे सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारियों के साथ पूर्व सैनिकों ने उन्हें सैनिक सम्मान के साथ सलामी दी और पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया।

              डीएवी में पालक संघ के थे अध्यक्ष

              पूर्व सैनिक देव कुमार कन्नौजिया ने गृहग्राम करमडीहा में श्रृंगार स्टोर खोला था। वे वॉलीबाल के अच्छे प्लेयर भी थे। इस कारण युवाओं के बीच उनकी अच्छी पैठ थी। उनके 12 और 14 वर्ष के एक बेटा और एक बेटी है। दोनों डीएवी स्कूल प्रेमनगर में पढ़ते हैं। वे प्रेमनगर डीएवी के पालक संघ के अध्यक्ष भी थे। घर में उनकी मां, पत्नी के अलावा दो बच्चे उन पर आश्रित थे।

              संदेहियों से एसपी स्वयं कर रहे पूछताछ

              घटना की सूचना पर दोपहर करीब 12 बजे एसपी बलरामपुर डॉ. उमेद सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए थे। एसपी ने लोगों से बातचीत की। पुलिस की प्राथमिक जांच में आपसी विवाद पर हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिनसे एसपी स्वयं पूछताछ कर रहे हैं।

              सभी पहलुओं पर जांच

              घटना तड़के साढ़े चार से पांच बजे के बीच की है और वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्यमार्ग में हुई इस घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं है। एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृत रिटायर्ड फौजी के मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन के साथ अन्य संदेहियों के लोकेशन की जांच की जा रही है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories