CG: दीनदयाल अंत्योदय योजनान्तर्गत गठित राज्य स्तरीय आश्रय स्थल निगरानी समिति के अध्यक्ष सुयोग्य कुमार मिश्रा ने कोण्डागांव में आश्रय स्थल का किया निरीक्षण…

              • आश्रय स्थल के बेहतर संचालन के लिए दिशा महिला संगठन के पहल को सराहा

              कोण्डागांव: दीनदयाल अंत्योदय योजनान्तर्गत गठित राज्य स्तरीय आश्रय स्थल निगरानी समिति के अध्यक्ष श्री सुयोग्य कुमार मिश्रा ने कोण्डागांव में नगर पालिका परिषद के अंतर्गत संचालित आश्रय स्थल का निरीक्षण कर इस आश्रय स्थल के बेहतर संचालन और आश्रय स्थल में आने वाले जरूरतमन्द आगन्तुकों के लिए समुचित सुविधा सुनिश्चित करने के लिए दिशा एरिया लेवल महिला फेडरेशन के मानवीय पहल की सराहना की। उन्होंने इस दौरान आश्रय स्थल में बाहर से आकर ठहरने वाले जरूरतमन्द आगन्तुकों से रूबरू होकर सुविधाओं के बारे में पूछा। वहीं यहां आने की वजह की भी जानकारी ली। इस मौके पर उत्तरप्रदेश गोरखपुर के सुनील सिंह, महाराष्ट्र वर्धा के  गणेश गनवीर तथा बिहार पटना के रविन्द्र पासवान सहित अन्य जरूरतमन्द आगन्तुकों ने बताया कि वे न्यायालयीन कार्य से आकर रुके हुए हैं और कार्य समाप्ति के उपरांत वापस लौट जायेंगे। इस दौरान कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने बताया कि कोण्डागांव जिला सत्र न्यायालय के अंतर्गत नारायणपुर  जिला भी सम्मिलित है, जिससे दोनों जिले के लोग न्यायालयीन कार्य सम्पादन के लिए इस आश्रय स्थल पर आकर ठहरते हैं। इसके साथ ही बस स्टैंड, चैक-चैराहे पर रहने वाले निशक्तजनों, बुजुर्गों, निर्धन-निराश्रित, भिक्षुक आदि को भी यहां पर निःशुल्क आश्रय सुविधा उपलब्ध करायी जाती है। ऐसे लोगों को स्वंयसेवी संगठन के सहयोग से काउंसलिंग कर उन्हें घर पहुंचाने के लिए भी संवेदनशीलता के साथ प्रयास किया जाता है। उन्होंने अवगत कराया कि जिला प्रशासन द्वारा स्वंयसेवी संगठन शांति फाउंडेशन के सहयोग से संचालित संवेदना कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक रूप से पीड़ितों की सहायता सहित उनका आवश्यक उपचार करने के लिये सकारात्मक पहल किया जा रहा है। इस ओर मानसिक रूप से पीड़ितों का काउंसलिंग करने के साथ ही उन्हें समुचित ईलाज हेतु मनोरोग चिकित्सालय बिलासपुर भेजा जाता है।

              दिशा महिला फेडरेशन 4 वर्ष से संचालित कर रही है आश्रय स्थल

              इस दौरान आश्रय स्थल संचालित करने वाली दिशा एरिया लेवल महिला फेडरेशन की अध्यक्ष श्रीमती देवकी बघेल एवं सचिव श्रीमती अनिता सिन्हा ने बताया कि उनके फेडरेशन द्वारा दीनदयाल अंत्योदय योजनान्तर्गत राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के घटक के अंतर्गत विगत 4 वर्ष से इस आश्रय स्थल का सुचारू संचालन किया जा रहा है। वैश्विक कोरोना काल में ही आश्रय स्थल बन्द था। इस आश्रय स्थल में परित्यक्ता, विधवा महिलाओं सहित निर्धन, वृद्धजनों को निःशुल्क आश्रय देने के साथ ही उन्हें निःशुल्क भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं अन्य जरूरतमन्द लोगों को 60 रुपये प्रतिदिन की दर से ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही 60 रुपये में एक पहर का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। बाहर से आने वाले सभी जरूरतमंद आगन्तुकों के बारे में पुलिस थाने में अनिवार्य रूप से सूचना दी जाती है। यहां पर कोर्ट कार्य सहित फेरी वाले तथा अन्य कार्य के लिए जरूरतमन्द आकर ठहरते हैं। आश्रय स्थल में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक कक्ष में कुल 50 शैय्या उपलब्ध है। फेडरेशन को इस आश्रय स्थल के संचालन से हर महीने करीब 20 से 25 हजार रुपये की आय प्राप्त होती है। दिशा एरिया लेवल महिला फेडरेशन की इन पदाधिकारियों ने बताया कि उनके फेडरेशन में कुल 14 महिला स्व सहायता समूह सम्मिलित हैं। फेडरेशन की सदस्य महिलाएं मानव सेवा के उक्त पुनीत कार्य के साथ ही मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम संचालन सहित कलेक्टोरेट, जिला न्यायालय एवं जिला अस्पताल परिसर में कैंटीन संचालित कर रहे हैं। इसके साथ ही गौठान में वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन, गोबर पेंट उत्पादन इत्यादि आयमूलक गतिविधियों में सलंग्न हैं। इस दौरान जिला अस्पताल में आश्रय स्थल के बारे में अवगत कराने के लिये सूचना पटल में जानकारी प्रदर्शित करने सहित बेनर-पोस्टर से प्रचार-प्रसार किये जाने कहा गया। जिससे जिला अस्पताल में उपचार के लिए आये मरीजों के परिजनों को भी आश्रय स्थल में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही जिले के प्रमुख स्थानों में भी प्रचार-प्रसार किये जाने पर बल दिया गया। इस मौके पर पूर्व अपर मुख्य सचिव श्रीमती इंदिरा मिश्रा तथा सीईओ जिला पंचायत कोण्डागांव श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दिनेश डे तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories