BHILAI: छत्तीसगढ़ के भिलाई में 6वीं में पढ़ने वाली 12 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी नरेंद्र अग्रवाल जान-पहचान का फायदा उठाकर पहले उसे अपने साथ ले गया और फिर दुष्कर्म किया। फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग जिले के चिखली का रहने वाला नरेंद्र अग्रवाल (36) शनिवार शाम को बाइक से भिलाई पहुंचा था। यहां वो 6वीं की छात्रा से मिला। जान-पहचान का फायदा उठाकर वह उसे घुमाने के बहाने उसे जेवरा सिरसा के सुनसान इलाके में ले गया और फिर रेप किया। नाबालिग को ज्यादा ब्लीडिंग होने लगी। इससे वह डर गया और लड़की को नेहरू नगर में छोड़कर भाग गया।

मामले की जांच में जुटी सुपेला थाना पुलिस।
24 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार
लड़की जैसे-तैसे अपने घर पहुंची, जहां ओवर ब्लीडिंग देखकर घरवालों के होश उड़ गए। बच्ची ने पूरी बात अपने परिवार वालों को बताई। इसके बाद परिजन सुपेला थाने पहुंचे। पुलिस ने लड़की से पूछताछ की। लड़की ने पहले तो पुलिस को बताया कि उसे कार में बंदूक की नोक पर किडनैप किया गया और बाद ओयो होटल में रेप हुआ।
हालांकि जांच में ओयो होटल और कार से किडनैपिंग की बात गलत निकली। सुपेला और मोहन नगर पुलिस ने मिलकर मामले की जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया।

सुपेला और मोहन नगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस तरह उठा सच से पर्दा
लड़की शनिवार रात जब खून से लथपथ सुपेला थाने पहुंची और बताया कि उसे किडनैप कर रेप हुआ है, तो पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने नाबालिग की मेडिकल जांच करवाई। इसके बाद उस जगह पर गई, जहां से उसने किडनैप करने की बात कही थी। हालांकि वहां किडनैपिंग के कोई सबूत नहीं मिले।
इसके बाद लड़की ने बताया कि उसे ओयो होटल ले जाया गया था। पुलिस ओयो होटल पहुंची, तो पता चला कि लड़के ने रूम के लिए फोन किया था, लेकिन रूम नहीं दिया गया। वहां से पुलिस ने लड़के का नंबर लिया। आरोपी का लोकेशन ट्रेस करके उसे गिरफ्तार किया गया। तब जाकर पता चला कि लड़की को किडनैप नहीं किया गया, बल्कि लड़का उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
हम्माली का काम करता है आरोपी
आरोपी नरेंद्र अग्रवाल दुर्ग जिले के चिखली क्षेत्र का रहने वाला है। वो शादीशुदा है और हम्माली का काम करता है। मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

(Bureau Chief, Korba)



