गरियाबंद : पैरी नदी उद्गम एवं प्रस्तावित राजिम बैराज का मॉडल बना आकर्षण का केंद्र, लोग ले रहे जानकारी

              गरियाबंद (BCC NEWS 24): राजिम कुंभ कल्प मेला में जल संसाधन विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। खासकर पैरी नदी उद्गम एवं प्रस्तावित राजिम बैराज का कार्यशील मॉडल एकाएक लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। स्टॉल पर दिनभर दर्शनार्थियों की काफी भीड़ देखने को मिली। जल संसाधन विभाग के स्टॉल में पैरी नदी के उद्गम स्थल भाटीगढ़ को मॉडल के माध्यम से दर्शाया गया है। यहां बताया गया कि भाटीगढ़ से निकलने वाली पैरी नदी का पानी सिकासेर बांध में पहुंचता है, वहां से आगे कुकदा डेम होते हुए अंततः राजिम तक प्रवाहित होता है।
              स्टॉल में उपस्थित टाइमकीपर सिद्धार्थ कुमार देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि पैरी नदी का जल गरियाबंद, छुरा एवं राजिम क्षेत्र में सिंचाई के साथ-साथ पेयजल एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करता है।

              95 करोड़ की लागत से प्रस्तावित है राजिम बैराज

              स्टॉल में प्रस्तावित राजिम बैराज का मॉडल भी रखा गया है, जिसकी अनुमानित लागत 95 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार इस बैराज की कुल लंबाई लगभग 500 मीटर एवं ऊंचाई 5 मीटर प्रस्तावित है। बैराज के निर्माण से राजिम एवं नवापारा क्षेत्र में जल संकट समाप्त होगा तथा सालभर जलभराव बना रहेगा। इसके साथ ही नौकाविहार, वाटर स्पोर्ट्स और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

              मॉडल में दर्शाए गए धार्मिक व पर्यटन स्थल

              जल संसाधन विभाग गरियाबंद द्वारा प्रस्तुत कार्यशील मॉडल में राजिम बैराज के साथ-साथ राजीव लोचन मंदिर, लक्ष्मण झूला, गंगा आरती घाट, राजिम मेला स्थल, पैरी नदी, कालेश्वर नाथ मंदिर, नवागांव एनीकट, लोमश ऋषि आश्रम को भी दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त पैरी नदी सिंचाई परियोजना, सिकासेर जलाशय तथा पैरी-घुमर व्यपवर्तन परियोजना सहित गरियाबंद जिले की विभिन्न सिंचाई योजनाओं के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए हैं। कुंभ कल्प मेला में जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल लोगों के लिए जानकारी का केंद्र बन गए हैं। हितग्राही यहीं पर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories