हरियाणा: हांसी के व्यक्ति ने महंत दिनेश पुरी पर मानहानि का केस ठोका, आरोप लगाया- बाबा ने चचेरी बहन पर कैंसर करवाने का पर्चा निकाला, भरी सभा में कहा- राजेश से दूर रहना, वीडियो वायरल होते ही पड़ोसी-रिश्तेदारों ने दूरी बनाई, सभी शक की निगाह से देखने लगे

            “चचेरी बहन को कैंसर था। बालाजी धाम के बाबा ने भरे दरबार में पर्चा निकालकर मुझ पर आरोप लगा दिए कि मैंने उस पर कैंसर करवाया है। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पड़ोसी और रिश्तेदारों ने मेरे परिवार से दूरी बना ली। सभी मुझे शक की नजरों से देखने लगे।“

            हरियाणा: हांसी के रहने वाले राजेश कुमार ने बालाजी धाम के महंत दिनेश पुरी पर ये आरोप लगाते हुए हिसार सिविल कोर्ट में मानहानि का केस दायर किया है। राजेश का कहना है कि महंत का वीडियो वायरल होने के बाद उसकी जिंदगी बदल गई।

            दिनेश पुरी को हांसी वाले बाबाजी के नाम से जाना जाता है। वह अपने दरबार में भूत-प्रेत भगाने और बीमारियां दूर करने का दावा करते हैं। वह बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तरह पर्चा भी लिखते हैं।

            राजेश के आरोपों के बाद बालाजी धाम की तरफ से कहा गया कि गुरु जी ने सिर्फ राजेश नाम लिया। इस नाम के लाखों व्यक्ति हैं। विशेष तौर पर किसी राजेश का नाम लिया। न ही वीडियो में संबंधित राजेश की कोई पहचान बताई।

            पहले जानिए राजेश ने दिनेश पुरी पर क्या आरोप लगाए…

            • भरी सभा में मेरा नाम लिया: अंबेडकर कॉलोनी निवासी राजेश ने बताया कि मेरी चचेरी बहन सुदेश की ब्लड कैंसर (फोर्थ स्टेज) से मौत हो गई थी। मौत से पहले सुदेश की मां (राजेश की चाची) इलाज की उम्मीद में 5 नवंबर 2025 को दिनेश पुरी के ‘बालाजी धाम’ गई। वहां हजारों की भीड़ के सामने दिनेश पुरी ने दावा किया कि उसे सब पता है कि सुदेश को कैंसर क्यों हुआ। महंत ने भरी सभा में मेरा नाम लेकर सुदेश के कैंसर के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया।
            • यूट्यूब पर वीडियो डाल बदनाम किया: राजेश का आरोप है कि इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई और उसे ‘बालाजी धाम’ नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड कर दिया गया। इस वीडियो में महंत ने मेरे लिए ‘सेवादार’, ‘ड्रामेबाज’ और ‘नौटंकीबाज’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। वीडियो को लाखों लोगों ने देखा, जिससे मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को भारी ठेस पहुंची।
            • लोग नफरत की निगाह से देखने लगे: राजेश ने बताया कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद उनके रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने मुझसे बात करना बंद कर दिया। लोग मुझे नफरत की निगाह से देखते हैं। चाची और उनके परिवार ने मुझसे संबंध तक तोड़ लिए।

            एडवोकेट बोले- कोर्ट ने दिनेश पुरी को नोटिस जारी किया

            राजेश के वकील रजत कलसन ने कहा कि कोर्ट ने दिनेश पुरी को नोटिस जारी कर दिया है और 9 अप्रैल को होने वाली सुनवाई पर उनसे जवाब मांगा गया है। राजेश की ओर से सार्वजनिक माफी की मांग की गई है। दिनेश पुरी हांसी के नंद नगर क्षेत्र में “बालाजी धाम” नाम से चल रहे मंदिर में दरबार लगाते हैं। यहां वे लोगों को प्रेत बाधा और अन्य समस्याओं से मुक्ति दिलाने का दावा करते हैं।

            दरबार में पुरी ने कहा था- राजेश से दूर रहना

            दिनेश पुरी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें कैंसर की बीमारी को लेकर दो महिलाएं उनसे बात कर रही हैं। पुरी कहते हैं कि कैंसर करवाने वाले का माइक पर नाम बोलें या छिपाएं। इस पर महिलाएं कहती हैं कि यहीं बताइए। फिर पुरी कहते हैं कि वह श्मशान में भी जाता है, रात को उल्टे काम करता है, काली माता की भक्ति करता है और पीर पर भी जाता हैं। वह तुम्हें मेरे पास आने से भी मना कर रहा था। आखिर में पुरी उन महिलाओं को कहते हैं कि राजेश नामक व्यक्ति से दूर रहना।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories