सीमित संसाधनों से आगे बढ़कर नई मशीनों ने बढ़ाई काम की रफ्तार,योजना से अफराज अली को मिला नया अवसर
कोरबा (BCC NEWS 24): किसी छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पूंजी और आधुनिक साधनों की जरूरत होती है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना इसी जरूरत को पूरा करते हुए छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को वित्तीय सहायता और व्यवसाय विस्तार का अवसर उपलब्ध करा रही है। कोरबा जिले के तुमान निवासी अफराज अली ने इस अवसर का लाभ उठाकर अपने पहले से संचालित आटा चक्की व्यवसाय को नए स्तर तक पहुंचाया है। अफराज बताते हैं कि पहले उनके पास आटा चक्की का छोटा व्यवसाय था, लेकिन सीमित मशीनों और संसाधनों के कारण काम का दायरा भी सीमित था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और आमदनी का कोई स्थायी आधार नहीं बन पा रहा था। इसी बीच जागरूकता शिविर में उन्हें योजना के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से आवेदन किया और व्यवसाय के विस्तार के लिए बैंक से 5 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। योजना के तहत 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ भी मिला।
मिली आर्थिक सहायता से अफराज ने अपने व्यवसाय में आधुनिक मशीनें जोड़ीं। उन्होंने नई आटा चक्की, हॉलर मिल, पैकिंग मशीन, वेजिंग मशीन और दाल चक्की मशीन खरीदी। मशीनों के जुड़ने से काम का दायरा बढ़ा और अब उनका व्यवसाय पहले की तुलना में बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा है।
अफराज अली कहते हैं, “योजना की जानकारी मिलने से मुझे अपने पुराने काम को आगे बढ़ाने का रास्ता मिला। पहले साधन कम थे, इसलिए आमदनी भी सीमित थी। नई मशीनें आने के बाद ज्यादा काम मिलने लगा है। गांव और आसपास के लोग धान, गेहूं तथा दूसरे खाद्यान्न लेकर आते हैं। अब हर महीने करीब 25 से 30 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है।” व्यवसाय बढ़ने के साथ अफराज के परिवार की जरूरतें पूरी करना आसान हुआ है
नियमित आमदनी ने घर की आर्थिक स्थिति को मजबूती दी है और जीवन-यापन में भी सहजता आई है। वे बैंक की शेष राशि का भुगतान आसान किश्तों और किफायती ब्याज दर के माध्यम से कर रहे हैं। आज उनका आटा चक्की एवं हॉलर मिल व्यवसाय न केवल उनकी आजीविका का आधार है, बल्कि परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहारा बन चुका है। अफराज अली ने अपने व्यवसाय विस्तार में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से मिले सहयोग ने उन्हें अपने काम को विस्तार देने और आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

(Bureau Chief, Korba)







