KORBA : सेवा की कहानी : जहां हर घूंट के लिए करनी पड़ती थी मशक्कत, अब घर में नल से मिल रहा निर्मल जल

        ’हैण्डपम्प तक जाने की मजबूरी खत्म, जल जीवन मिशन से घर में पहुंचा पानी’

        ’समय और श्रम की बचत के साथ स्वास्थ्य की चिंता भी हुई दूर, भगवती को मिला हर घर जल का लाभ’

        कोरबा (BCC NEWS 24): पानी के लिए घर की चौखट से दूर कदम बढ़ाना जिन परिवारों की रोजमर्रा की मजबूरी थी, उनके लिए घर में नल से पानी पहुंचना किसी बड़ी सुविधा से कम नहीं। कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत गढ़उपरोड़ा के आश्रित ग्राम रापा की रहने वाली श्रीमती भगवती के परिवार ने भी पानी को लेकर ऐसी ही परिस्थितियां देखी हैं। पहले पेयजल के लिए दूर स्थित हैण्डपम्प का सहारा लेना पड़ता था। अब जल जीवन मिशन के तहत टेपनल के माध्यम से उनके घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। श्रीमती भगवती बताती हैं, “पहले घर के लिए पानी लाना आसान काम नहीं था। हैण्डपम्प तक जाकर पानी भरना पड़ता था। घर के कामों के बीच पानी जुटाने में काफी समय चला जाता था और बार-बार आने-जाने से मेहनत भी होती थी। जरूरत के मुताबिक पानी चाहिए तो फिर उसी जगह जाना पड़ता था।

        बरसात के दिनों में यह परेशानी और बढ़ जाती थी। रास्ते में कीचड़ और मौसम की वजह से बाहर जाकर पानी लाना कठिन होता था। शाम ढलने के बाद या रात में पीने के लिए पानी की जरूरत हो, तब भी घर से बाहर निकलना पड़ता था। ऐसे समय में पानी की व्यवस्था करना चिंता का कारण बन जाता था। पहले उपलब्ध पानी की गुणवत्ता को लेकर भी मन में डर रहता था। दूषित पानी के इस्तेमाल से जलजनित बीमारियां होने की आशंका बनी रहती थी। परिवार के स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतनी पड़ती थी, लेकिन पानी का दूसरा विकल्प आसानी से उपलब्ध नहीं था। अब घर में ही टेपनल से स्वच्छ पानी मिल रहा है। पानी लेने के लिए हैण्डपम्प तक जाने की आवश्यकता नहीं रह गई। सुबह से लेकर दिनभर जब भी पानी की जरूरत होती है, घर पर ही उसकी व्यवस्था हो जाती है। इससे रोजमर्रा के काम बहुत सुविधाजनक हो गए हैं। खाना बनाने, पीने के साथ कपड़े-बर्तन और निस्तारी के लिए भी पानी आसानी से मिल जाता है।

        घर तक पानी पहुंचने से सबसे बड़ा बदलाव समय और मेहनत की बचत के रूप में महसूस हो रहा है। पहले पानी लाने के लिए जो समय देना पड़ता था, अब वह परिवार और घर के दूसरे कामों में लगाया जा सकता है। स्वच्छ पानी मिलने से स्वास्थ्य को लेकर भी पहले जैसी चिंता नहीं रहती। जल जीवन मिशन के माध्यम से हमारे घर तक पानी पहुंचा है, इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का बहुत-बहुत धन्यवाद। घर में नल से स्वच्छ पानी मिलना हमारे लिए रोज की जिंदगी को आसान बनाने वाली बड़ी सुविधा है। अब पानी की जरूरत के लिए बाहर जाने की मजबूरी नहीं रही और घर की जरूरत का पानी घर पर ही उपलब्ध हो रहा है।”



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories