KORBA : कलेक्टर ने रुकवाया अपना वाहन, क्षतिग्रस्त सड़क देखकर दिए तत्काल मरम्मत के निर्देश

          कोरबा (BCC NEWS 24): जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के निरंतर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत आज लेमरू से श्यांग की ओर जा रहे थे। विमलता से आगे मोड़ पर पहुँचते ही उनकी नजर मार्ग पर बने बड़े गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क पर पड़ी। स्थिति को गंभीर देखते हुए कलेक्टर ने तुरंत अपने वाहन चालक को रुकने का निर्देश दिया और स्वयं नीचे उतरकर सड़क की स्थिति का मुआयना किया। पहाड़ी और दूरस्थ ग्रामों को जोड़ने वाला यह मार्ग ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क पर बने गड्ढों से संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता श्री जी. आर. जांगड़े को स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि बारिश और पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त होती हैं, ऐसे में नियमित निगरानी और त्वरित सुधार कार्य अनिवार्य हैं। किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को देखते हुए इस मार्ग की मरम्मत में देरी न की जाए।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories