कोरबा (BCC NEWS 24): कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं सहायक कलेक्टर आईएएस श्री तन्मय खन्ना के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), बस्तर के पद पर नियुक्त होने पर जिला प्रशासन द्वारा उनका आत्मीय सम्मान करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि श्री तन्मय खन्ना एक ऊर्जावान, प्रतिभाशाली और युवा आईएएस अधिकारी हैं, जिनके सामने लंबा एवं उज्ज्वल प्रशासनिक जीवन है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में जब भी वे किसी जिले में कलेक्टर के रूप में दायित्व संभालेंगे, अपनी कार्यकुशलता, संवेदनशीलता और नवाचारपूर्ण सोच से जिले के विकास को नई दिशा देंगे।
अपने संबोधन में श्री तन्मय खन्ना ने कहा कि ऊर्जाधानी कोरबा में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के साथ कार्य करना उनके लिए किसी विद्यालय से कम नहीं रहा। उन्होंने कहा कि कलेक्टर की कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की शैली से उन्हें प्रशासन के अनेक महत्वपूर्ण पहलुओं को सीखने और समझने का अवसर मिला। उन्होंने कोरबा में मिले सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने श्री तन्मय खन्ना को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

(Bureau Chief, Korba)




