गिरदावरी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को समयावधि में पूरा करने हेतु किया निर्देशित
जनहित के मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर दुदावत
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, टीएल मामलों, जनशिकायतों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो। बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा अभियान से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की कार्ययोजना के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण किया जाए। एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गिरदावरी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी गांवों में सर्वे कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को ग्रामवार प्रगति की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी करने के लिए कहा। कलेक्टर ने बालको- रिस्दी रोड, व ध्यान चंद चौक, बालको ब्रिज, उरगा-सीतामढ़ी मार्ग एवं बरमपुर ब्रिज से संबंधित निर्माण व मरम्मत कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्याे में शीघ्रता से तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुनालिया पुल के पास अंडरपास निर्माण कार्य की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में आवश्यक गति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन एवं विभिन्न जनशिकायतों से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर श्री इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

(Bureau Chief, Korba)







