कोरबा: नहर पुल से लोहे की रेलिंग चोरी, पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया, अब तक कुल 17 लोग पकड़े गए

          कोरबा: जिले में नहर पुल से लोहे की रेलिंग चोरी के मामले में पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 17 लोगों को पकड़ा जा चुका है।

          यह घटना 17 जनवरी 2026 की रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल पर हुई थी, जहां अज्ञात चोरों ने गैस कटर का उपयोग कर रेलिंग काट ली थी। शिकायत के आधार पर सीएसईबी चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

          पुलिस ने फरार 5 और आरोपियों को पकड़ा

          जांच के दौरान पुलिस ने पहले 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। अब फरार चल रहे 5 और आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। इन सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

          गिरफ्तार किए गए वयस्कों में मनोज कुमार पंडित उर्फ बमजी (42, निवासी झाझौर, सिवान, बिहार, वर्तमान में पम्पहाउस कॉलोनी), राजीव कुमार सिंह (34, निवासी तुलसीनगर), संदीप महत (22, निवासी साईं मंदिर के पास, मेजीनमाठा, पम्पहाउस), शिवनारायण सागर उर्फ शिवा (42, निवासी काली मंदिर के पीछे, पम्पहाउस) और आदित्य यादव उर्फ आदि (19, निवासी महावीर चौक, 15 ब्लॉक) शामिल हैं। इन सभी खिलाफ कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

          इस मामले के संबंध में पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ एक विशेष अभियान भी चलाया है, जिसके तहत 7 दुकानों को सील किया गया है।

          आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम

          पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इनमें से एक आरोपी असलम को सीएसईबी चौकी पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि दूसरे इनामी आरोपी की तलाश जारी है। फरार आरोपी मुकेश साहू के खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही के लिए प्रतिवेदन तैयार कर भेजा जा रहा है।


                      Hot this week

                      Related Articles

                      Popular Categories