KORBA : खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में कोरबा ने रचा नया कीर्तिमान, लगातार तीसरी बार राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त

              कोरबा (BCC NEWS 24): खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा निर्धारित विभिन्न मानकों और दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन करते हुए कोरबा जिले ने एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार छत्तीसगढ़ राज्य के फूड सेफ्टी इंडेक्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि कोरबा ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख जिलों को पीछे छोड़ते हुए यह स्थान बरकरार रखा है। इतना ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले ने अपनी रैंकिंग में सुधार करते हुए पिछले वर्ष के 118वें स्थान से आगे बढ़कर 112वें स्थान पर अपनी पहचान स्थापित की है। जिले की इस सफलता के पीछे खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की सतत निगरानी, जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, लाइसेंस एवं पंजीयन की प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे अनेक महत्वपूर्ण प्रयास शामिल हैं। निर्धारित सभी मापदंडों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने के परिणामस्वरूप कोरबा ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है।

              इस उल्लेखनीय सफलता में कलेक्टर मार्गदर्षन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री विकास भगत एवं श्री संघर्ष कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोनों अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए सतत प्रयासों, प्रभावी निरीक्षणों एवं जनजागरूकता गतिविधियों की व्यापक स्तर पर सराहना की जा रही है। उनके नेतृत्व और समर्पण ने जिले को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जिले की इस उपलब्धि से न केवल खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। कोरबा की यह सफलता अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा का विषय बनी हुई है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories