कोरबा (BCC NEWS 24): प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चौथी ओपन काउंसलिंग के बाद चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी कर दी गई है। चयनित विद्यार्थियों को 30 अक्टूबर 2026 तक संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में अनिवार्य रूप से प्रवेश लेना होगा।
चयनित विद्यार्थियों की सूची विभागीय वेबसाइट http://eklavya.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है। विद्यार्थियों एवं उनके पालकों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश के लिए कक्षा आठवीं की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र तथा लागू होने की स्थिति में नक्सल पीड़ित परिवार एवं विशेष पिछड़ी जनजाति से संबंधित प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत पात्रता से संबंधित (10 रुपए के नॉन ज्यूडिशियल स्टसम्प पेपर पर) निर्धारित नोटरी प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा, प्रस्तुत करना होगा।
इसके अतिरिक्त, संबंधित पात्रता के अनुसार आवश्यक प्रमाण पत्र भी जमा करने होंगे। प्रवेश की पात्रता सुनिश्चित होने पर दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। चयनित विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि तक सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें। चयनित प्रयास आवासीय विद्यालय में संस्था परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।

(Bureau Chief, Korba)





