कोरबा (BCC NEWS 24): घर-परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपनी जरूरतों के लिए आर्थिक रूप से सक्षम होना हर महिला के आत्मविश्वास को बढ़ाता है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम शैला निवासी श्रीमती राजो बाई नायक के जीवन में महतारी वंदन योजना से मिली नियमित आर्थिक सहायता ने इसी दिशा में नई राह खोली है। हर महीने खाते में आने वाली एक हजार रुपये की राशि से वे घरेलू खर्चों में योगदान देने के साथ बच्चों की पढ़ाई और परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर रही हैं।
राजो बाई नायक बताती हैं कि पहले घर के खर्चों और बच्चों की आवश्यकताओं के लिए उन्हें परिवार पर निर्भर रहना पड़ता था। अपनी जरूरतों को पूरा करने और बच्चों की पढ़ाई के खर्च में योगदान देने के लिए सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच तालमेल बिठाना पड़ता था। महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये मिलने शुरू हुए, तो उन्हें अपने हाथों में नियमित आर्थिक सहयोग मिला। उन्होंने इस राशि का उपयोग सोच-समझकर किया और घरेलू जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा पर भी खर्च करने लगीं।
वे बताती हैं कि योजना से मिलने वाली सहायता ने उन्हें सब्जी का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। अब वे सब्जी बेचकर अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने का प्रयास कर रही हैं। इससे परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सामान खरीदने और घरेलू खर्चों में हाथ बंटाने में मदद मिलती है। वे अपनी आय में से कुछ राशि बचाकर भी रखती हैं, जिससे जरूरत के समय आर्थिक सहारा मिल सके।
हितग्राही श्रीमती नायक कहती हैं कि हर महीने मिलने वाली सहायता से उन्हें अपने खर्चों की योजना बनाने और परिवार की जिम्मेदारियों में योगदान देने का अवसर मिला है। बच्चों की पढ़ाई, घर की आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी और छोटे व्यवसाय के संचालन में इस राशि का सदुपयोग कर पाना उनके लिए संतोष की बात है।
महतारी वंदन योजना की सराहना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। लाभार्थी श्रीमती राजो बाई का कहना है कि महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिलने से वे अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे सकती हैं।

(Bureau Chief, Korba)





