KORBA : सीएम हेल्पलाइन पोर्टल से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण करें निराकरण – कलेक्टर कुणाल दुदावत

              किसानों की सहूलियत हेतु खाद भण्डारण व वितरण में तेजी लाने के दिए निर्देश

              पीएम स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभांवित करने किया निर्देशित

              पीएम आवास में लक्ष्य निर्धारित कर आवास निर्माण शीघ्रता से पूर्ण कराने के दिए निर्देश

              कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक, विभागीय कार्यों की हुए विस्तृत समीक्षा

              कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति तथा टीएल के लंबित प्रकरणों के निराकरण स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का आज से आमजनों के लिए शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पोर्टल को पूर्ण गंभीरता से लेने एवं पोर्टल से प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण  निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

              कलेक्टर ने आगामी खरीफ वर्ष हेतु जिले में खाद भंडारण व वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को खाद वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद वितरण की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जुलाई माह हेतु खाद्यान्न आबंटन व भंडारण  स्थिति की जानकारी लेते हुए जून माह के अंत तक सभी सोसायटियों में खाद्यान्न का अनिवार्य रूप से पूर्ण भण्डारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिससे जुलाई माह में आमजनों को समय पर राशन वितरण हो सके। उन्होंने डीएमओ को समय पर मिलर्स द्वारा लाट जमा नहीं कराने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि हेतु शेष किसानों का शीघ्रता से पंजीयन कराने के लिए कहा। साथ ही किसानों के ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग कार्य को भी तेजी से पूर्ण कराने की बात कही। एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों की पंजीयन की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संयुक्त खाता धारकों का भी नियमानुसार पोर्टल में पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

              किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश देते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से शीघ्र जोड़ने के लिए कहा। इस हेतु किसानों को केसीसी से मिलने वाले लाभ की जानकारी देकर वंचित किसानों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करने, इच्छुक किसानों से आवेदन लेने एवं स्वीकृति प्रक्रिया को समयबद्ध  पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभांवित करने के निर्देश दिए। इस हेतु सभी नगरीय निकायो में आयोजित होने वाले विशेष शिविर के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें लाभ दिलाने के लिए कहा। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को भी ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट वेंडरों की पहचान कर उन्हें भी योजना से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

              कलेक्टर ने पीएम जनमन अंतर्गत आवास निर्माण कार्य की जानकारी लेते हुए लम्बित निर्माण कार्य में शीघ्रता से प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने  पीएम आवास शहरी अंतर्गत स्वीकृत हुए आवासों का जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराने एवं निर्माणाधीन आवासों को बरसात के पूर्व पूर्ण कराने के लिए कहा। इसी प्रकार पीएम आवास ग्रामीण अंतर्गत आवास निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जनपद सीईओ को प्रति सप्ताह आवास पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित कर  निर्माण में गम्भीरता से तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रथम किश्त की राशि जारी होने वाले हितग्राहियों के यहां जल्द से जल्द आवास निर्माण शुरू कराने की बात कही साथ ही  खिड़की, दरवाजे, छत लेवल कार्य हो चुके आवासों का शीघ्रता से शेष कार्य पूर्ण कराने निर्देशित किया।

              उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत प्रगतिरत व स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्याे को तेजी से पूर्ण कराने के लिए कहा। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणा एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत कार्याे का समय पर प्राक्कलन तैयार कर तकनीकी स्वीकृति हेतु प्रेषित करने निर्देशित किया। बैठक में निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर द्वय श्री देवेंद्र पटेल व श्री ओंकार यादव, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ नगरीय निकाय सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories